उत्तर प्रदेश की योगी सरकार उद्योग एवं विकास से महरूम अवध क्षेत्र के विकास के लिए राम का सहारा लेगी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के साथ विकास की कई बड़ी परियोजनाओं के सहारे समूचे अवध क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को लोगों का आकर्षण बनाने की योजना पर काम होगा। अयोध्या में पर्यटन परियोजनाओं के साथ ही कंबोडिया के अंकोरवाट की तर्ज पर इक्ष्वाकुपुरी नगरी की स्थापना योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। योगी सरकार का मानना है कि इसकी स्थापना से अयोध्या अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित होगी और बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित होंगे। सरकार के मुताबिक अध्यात्म और पर्यटन के अनूठे आकर्षण वाली इक्ष्वाकुपुरी की स्थापना से अयोध्या में न केवल व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। अयोध्या से बलरामपुर राजमार्ग को विकसित किया जाएगा जिसके जरिये पर्यटकों का नेपाल सीमा से सटे वन्य जीव विहारों के साथ शक्तिपीठ देवीपाटन तक पहुंचना आसान होगा। अयोध्या और गोंडा को मिलाते हुए 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का विकास किया जाएगा। अयोध्या में भगवान श्रीराम की जलसमाधि वाले स्थान सरयू के गुप्तारघाट से रामजन्मभूमि तक यह इक्ष्वाकुपुरी परियोजना 1,900 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी, जिस पर 3,000 करोड़ रुपये का व्यय अनुमानित है। अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग से गुप्तारघाट तक प्रस्तावित फोर लेन सड़क इक्ष्वाकुपुरी को जोड़ेगी। इसमें एक ओर सरयू नदी के किनारे रिवर फ्रंट का विकास किया जाएगा। इक्ष्वाकुपुरी को दो भागों में बांटा जाएगा। पहले भाग में वेदों, पुराणों, धर्मशास्त्रों के नाम से अलग-अलग संकुल होंगे, जहां पर्यटकों को इससे संबंधित जानकारी ऑडियो -विजुअल के माध्यम मिलेगी। इस आध्यात्म नगरी में मुनियों-ऋषियों के नाम से आश्रम बनाएं जाएंगे, जहां लोग योग साधना, कर्मकांड देख व कर सकेंगे और प्रवास कर सकेंगे। परियोजना पर काम कर रहे अधिकारियों का कहना है कि इक्ष्वाकुपुरी की स्थापना के बाद भारतीय अध्यात्म, दर्शन, धर्मशास्त्र और पर्यटन को वैश्विक स्तर पर पुर्नस्थापना होगी। अयोध्या में योगी सरकार की ओर से भजन संध्या स्थल, दशरथ महल, सत्संग भवन, यात्री सहायता केंद्र्र, रैन बसेरा, रामकथा पार्क का विस्तारीकरण और क्वीन हो मेमोरियल पार्क आदि के निर्माण अपने अंतिम चरण में है। सड़कों के दोनों ओर आवश्यक जनसुविधाओं, जैसे- पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। वाहनों के लिए मल्टीलेवेल पार्किंग का निर्माण अंतिम दौर में है। सौंदर्यीकरण के साथ ही अयोध्या में बेहतर मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए अंडरग्राउंड केबलिंग कराई जा रही है। योगी सरकार की ओर से अयोध्या में इस समय 458.14 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें भजन संध्या स्थल का निर्माण, अयोध्या सीवरेज व्यवस्था, अयोध्या नगर के सीवर संयोजन का कार्य ,पेयजल संयोजन का कार्य अयोध्या गृह पेयजल संयोजन का कार्य ,अयोध्या पेयजल फेज-2 का कार्य, अयोध्या सीवरेज योजना फेज-दो 37.89 करोड़, पर्यटन योजना के तहत अयोध्या के दशरथ महल के यात्री निवास, सत्संग भवन, नयाघाट पर्यटक सहायता केंद्र एवं प्रवेश द्वार निर्माण का कार्य, राम कथा पार्कका विस्तारीकरण का कार्य और रामायण सर्किट थीम के तहत राम कथा गैलरी का कार्य शामिल हैं।
