मेट्रो व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हों : फिक्की | |
शुभायन चक्रवर्ती / नई दिल्ली 07 27, 2020 | | | | |
फिक्की के सुझाव
उड्डयन: भारतीय व विदेशी विमान सेवाएं शुरू करें अंतरराष्ट्रीय उड़ान, हवाई अड्डों पर नमूना संग्रह केंद्र बनें
मेट्रो: सेवाएं शुरू हों, संक्रमण वाले इलाकों में स्टेशनों पर न रुकें, संपर्करहित टिकट
खेल : क्रिकेट, फुटबाल, बैडमिंटन, टेनिस शुरू हों
पर्यटन : पर्यटन शुरू करने की स्पष्ट तिथि घोषित हो
मनोरंजन: बार, विवाह स्थल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ शुरू किए जाएं
शिक्षा: स्थानीय मामलों के आकलन के आधार पर खोले जाएं स्कूल, उचित डिजिटल टीचिंग ढांचा बने
फेडरेशन आफ इंडियन चैंबर आफ कॉमर्स ऐंड इंडस्ट्री (फिक्की) ने सरकार से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ाने और मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। गृह मंत्रालय को भेजे गए पत्र में उद्योग संगठन ने होटल, बार, सिनेमा घर, क्रीड़ा स्थल और प्रेक्षा गृह समेत सार्वजनिक जीवन फिर से शुरू करने की वकालत की है। अनलॉक-2 के लिए तय दिशानिर्देशों की मौजूदा अंतिम तिथि 31 जुलाई को पूरी होने को है।
फिक्की ने इस बात पर जोर दिया है कि भारतीय व विदेशी उड़ानों को द्विपक्षीय आधार पर अनुमति दी जानी चाहिए। उसने सुझाव में कहा है कि कोविड संक्रमण न होने के प्रमाणपत्र के साथ यात्रियों को उड़ान की अनुमति दी जानी चाहिए, जो यात्री के देश की ओर से जारी किए गए हों। बहरहाल इसके लिए हवाईअड्डों को समर्थन और संसाधनों की जरूरत होगी, जिससे कि सुरक्षित गलियारे बन सकें और नमूना संग्रह केंद्र जैसे बुनियादी ढांचा समर्थन मिल सके।
फिक्की ने यह भी सुझाव दिया है कि देश भर में 50 प्रतिशत से कम क्षमता पर मेट्रो रेल सेवाओं को बहाल किया जाना चाहिए और इसके लिए सावधानियां बढ़ाई जा सकती हैं।
उद्योग संगठन ने कहा है कि संपर्करहित टिकट की व्यवस्था के साथ प्रवेश स्थल पर तापमान की जांच की व्यवस्था होनी चाहिए और यात्रियों की सीटों के बीच दूरी रखी जानी चाहिए। इसके अलावा भूमिगत मार्गों पर वातानुकूलन और ताजी हवा की व्यवस्था को लेकर भी व्यवस्था की जरूरत है। मेट्रो को संक्रमण वाले इलाकों के स्टेशनों पर रोकने से बचा जा सकता है।
|