सोने में भारी उछाल | राजेश भयानी / मुंबई July 24, 2020 | | | | |
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत तेजी से बढ़ रही है और यह 9 साल पहले दर्ज किए गए ऊंचे स्तरों पर पहुंच गई है। 2011 में सोने की कीमत 1,900.2 डॉलर के अपने सर्वाधिक ऊंचे स्तर पर थी, जबकि दिन के कारोबार में कीमत का सर्वाधिक स्तर 1,920 डॉलर प्रति औंस था। कॉमेक्स (अमेरिका) पर कल रात सोने का वायदा भाव 1,890 डॉलर के अपने सर्वाधिक ऊंचे स्तर पर बंद हुआ जिससे 22 अगस्त 2011 को दर्ज 1888.7 डॉलर का पिछला सर्वाधिक ऊंचा स्तर टूट गया। बाजार कारोबारी उम्मीद कर रहे हैं कि सर्वाधिक ऊंचा स्तर किसी भी समय दर्ज किया जा सकता है, क्योंकि यह अब ज्यादा दूर नहीं है।
मुंबई के पारंपरिक बाजार में भी स्टैंडर्ड श्रेणी का सोना 0.8 प्रतिशत की ऊंचाई पर 50,919 रुपये प्रति 10 ग्राम की ऊंचाई पर बंद हुआ। चांदी की कीमत 1.5 प्रतिशत गिरकर 59,885 रुपये प्रति किलोग्राम रही। चीन ने अमेरिका को शुक्रवार को चेंगदू में अपना दूतावास बंद करने का आदेश दिया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव से डॉलर इंडेक्स कमजोर हुआ है और निराश अमेरिकी बेरोजगारी के आंकड़ों से भी सोने की कीमतें में तेजी आई है।
कॉमट्रेंड्ज रिस्क मैनेजमेंट सर्विसेज के मुख्य कार्याधिकारी ज्ञानशेखर त्यागराजन ने कहा, 'अमेरिका-चीन के बीच बढ़ते टकराव, यूरोप और अमेरिका से बड़े राहत पैकेज से सोने और चांदी में तेजी आई है। खासकर अमेरिका में और राहत पैकेज की चर्चा चल रही है। ऐसे परिवेश में इस परिसंपत्ति की कीमत बढऩे और मुद्रास्फीति में भारी तेजी आने की संभावना है। चांदी भी सोने के लिए सस्ता विकल्प है। वहीं मांग के अभाव की वजह से धातु और ऊर्जा कीमतों को अभी भी ऊंचाई पर बने रहने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।'
उन्हें कुछ मुनाफावसूली के साथ मौजूदा रुझान कुछ महीनों तक बरकरार रहने की संभावना है। ज्वैलर हालांकि कीमतों को लेकर सतर्क हैं। एक ज्वैलर ने नाम नहीं बताने के अनुरोध के साथ कहा कि बाजार अति उत्साहित दिख रहा है और सर्वाधिक ऊंचा स्तर हासिल होने पर इसमें गिरावट आ सकती है। सीएफटीसी पर पिछले 4 सप्ताहों से सोने में बढ़ती शॉर्ट पोजीशन या लॉन्ग पोजीशन में कमी से भी अधिक उत्साह का संकेत मिलता है। सोने की शॉर्ट पोजीशन 17 जुलाई को 41,543 लॉट की 4 सप्ताह की ऊंचाई पर थीं। किसी भी समय मुनाफावसूली देखी जा सकती है।
|