यूपी में 20 लाख से अधिक श्रमिक ट्रेन से पहुंचे | भाषा / May 29, 2020 | | | | |
उत्तर प्रदेश में अब तक दूसरे प्रदेशों से प्रवासी श्रमिकों को लेकर 1,483 विशेष रेलगाडिय़ां आ चुकी हैं और शुक्रवार रात तक 46 रेलगाडिय़ां और आएंगी। अभी तक प्रदेश में 20 लाख से अधिक लोग श्रमिक विशेष रेलगाडिय़ों से आ चुके है। अब तक रेलगाड़ी, बस एवं निजी साधनों से लगभग 28 लाख लोग प्रदेश में वापस आ चुके हैं।
अपर मुख्य सचिव गृह और सूचना अवनीश अवस्थी ने बताया कि इसके अलावा हमारे प्रदेश से दूसरे प्रदेशों के श्रमिकों को भी भेजा जा रहा है। अभी तक हरियाणा, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और पंजाब के श्रमिकों को भेजा जा चुका है। प्रदेश में 1,557 रेलगाडिय़ों के माध्यम से लगभग 21.65 लाख से अधिक कामगार एवं श्रमिक को लाए जाने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात तक प्रदेश में आने वाली विशेष श्रमिक रेलगाडिय़ों की संख्या 1,500 के पार पहुंच जाएगी। अब तक सबसे अधिक 511 रेलगाडिय़ां गुजरात से आई हैं। इसके बाद महाराष्ट्र से 350 से अधिक, पंजाब से 231 रेलगाडिय़ां आई हैं, इस तरह देश के लगभग सभी प्रदेशों से प्रवासी श्रमिकों को लेकर लगातार विशेष रेलगाडिय़ां आ रही है। इसके अलावा बसों से भी अब तक दो लाख से अधिक प्रवासी श्रमिक प्रदेश में लौट चुके हैं।
|