मुंबई बंद, दूसरे शहरों में सतर्क शुरुआत | बीएस संवाददाता / May 18, 2020 | | | | |
कोरोनावायरस संक्रमण की आशंका से मार्च से ही लागू हुआ लॉकडाउन देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को भी जारी रहा। मुंबई में देश के तमाम बड़े कारोबारी घरानों के मुख्यालय मौजूद हैं और आज से लॉकडाउन का चौथा चरण शुरू होने के बाद टाटा, बिड़ला, रिलायंस, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, वेदांता और प्रॉक्टर ऐंड गैंबल जैसे समूह राज्य सरकार की तरफ से नए दिशानिर्देश आने की राह देख रहे हैं। केवल औषधि क्षेत्र की कंपनियां ही अपने सीमित स्टाफ के साथ काम करती हुई नजर आईं।
अगर मुंबई के दफ्तरों का सामान्य कामकाजी जीवन लॉकडाउन के चौथे चरण के पहले दिन सामान्य से कोसों दूर रहा तो बेंगलूरु, कोलकाता, दिल्ली और चेन्नई जैसे कुछ महानगरों में हालात इससे जुदा थे। इन बड़े शहरों में दफ्तर की गतिविधियां सोमवार को कमोबेश सामान्य स्थिति की तरफ बढ़ती नजर आईं। हालांकि हर कोई सजगता और भौतिक दूरी का ध्यान रखते हुए नजर आया। कोलकाता में आईटीसी ने अपने कार्यालय को फिर से खोल दिया है और धीरे-धीरे कामकाज सामान्य होने की उम्मीद जताई है।
आईटीसी के मानव संसाधन प्रमुख अमिताभ मुखर्जी ने कहा, 'हम नियमित तौर पर हालात की समीक्षा कर रहे हैं और धीरे-धीरे दफ्तर से काम शुरू कर देंगे। हालांकि अभी दफ्तर में केवल वही काम करने वाले कर्मचारी आ रहे हैं जिसे घर से नहीं अंजाम दिया जा सकता है।'
श्री सीमेंट के कार्यालय में मंगलवार से 40-50 फीसदी क्षमता के साथ काम शुरू हो जाने की उम्मीद है। कंपनी ने कहा है कि करीब आधे कर्मचारियों के दफ्तर आने पर भौतिक दूरी संबंधी मानकों का खास तौर पर ध्यान रखा जाएगा।
श्री सीमेंट के प्रबंध निदेशक एच एम बांगड़ कहते हैं, 'हम केंद्र एवं राज्य सरकारों की तरफ से जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन कर रहे हैं। हालांकि दफ्तर आने वाले कर्मचारियों के पास अपनी कारें हैं और उनके लिए परिवहन साधन की कोई समस्या नहीं होगी।'
जहां टाटा समूह का बॉम्बे हाउस स्थित मुख्यालय पहले की तरह बंद रहा, वहीं समूह की घड़ी एवं आभूषण कंपनी टाइटन ने बेंगलूरु स्थित अपने दफ्तर को फिर से खोल दिया है। लेकिन वहां पर कर्मचारियों की संख्या धीरे-धीरे ही बढऩे की संभावना है। टाइटन के मुख्य वित्तीय अधिकारी सुब्बु सुब्रमण्यम कहते हैं, 'फिलहाल केवल 10-15 फीसदी लोग ही बेंगलूरु दफ्तर में आ रहे हैं। इस दौरान हम सुरक्षा एवं एहतियात का पूरा ध्यान रख रहे हैं।'
जैव-प्रौद्योगिक कंपनी बायोकॉन ने बेंगलूरु स्थित अपने परिसर में कर्मचारियों के बीच भौतिक दूरी मानकों का पालन करने के लिए 'जोनिंग' की संकल्पना लागू की है। परिसर को कई क्षेत्रों बांट दिया गया है और कर्मचारियों को केवल अपने जोन के भीतर ही आने-जाने की छूट है। हरेक इलाके के लिए अलग कैफेटेरिया भी बनाया गया है। बायोकॉन के उत्पादन कार्यों से जुड़े कर्मचारी अलग-अलग शिफ्ट में काम कर रहे हैं और सपोर्ट स्टाफ के लोग आधी संख्या में ही मौजूद हैं। बायोकॉन के एक प्रवक्ता ने कहा, 'कंपनी की तरफ से कर्मचारियों को परिवहन सुविधा दी गई है। पहले हमारे बेड़े में 25 बसें थीं लेकिन अब भौतिक दूरी बरतने के लिए बसों की संख्या बढ़ाकर 120 कर दी गई है।'
बेंगलूरु की विप्रो कंज्यूमर केयर ऐंड लाइटिंग में भी बैठकों के अलावा प्रशिक्षण भी अब ऑनलाइन कराया जा रहा है। विप्रो कंज्यूमर केयर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मानव संसाधन (एचआर) प्रमुख राजेश सहाय ने कहा, 'हमने कारखानों और दफ्तरों में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और लोगों में दूरी बनाए रखने के उपाय किए हैं। मास्क पहनना भी अनिवार्य है और वस्तुओं या लोगों से कोई सीधा संपर्क नहीं होना चाहिए।'
कंपनी ने डॉक्टरी परामर्श, स्वास्थ्य और फिटनेस कार्यक्रमों आदि जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं में मदद के लिए विजिटऐप नाम के एक ऑनलाइन हेल्थकेयर स्टार्टअप के साथ करार किया है। आईटी के केंद्र बेंगलूरू में वेब कुकी निर्माता कंपनी यूनिबिक ने अपने 25 फीसदी स्टाफ के साथ अपना ऑफिस फिर से खोल दिया है। यूनिबिक के सीईओ श्रीनिवासुलु वुदयागिरि ने कहा, 'हम धीरे-धीरे काम का दायरा बढ़ाएंगे क्योंकि हम लोगों के शहर में वापस आने का इंतजार कर रहे हैं। अगले सप्ताह तक कर्मचारियों की तादाद 100 फीसदी तक हो जाएगी। अगर लोग दूसरे राज्यों से आते हैं तो उन्हें क्वारंटीन करने की जरूरत होगी। हालांकि इससे हमारे काम पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि हम ट्रैक पर बने रहने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी जरूरी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं।'
तकनीकी कंपनी कैपजेमिनाई ने सोमवार को बेंगलूरु, पुणे और नोएडा में अपना दफ्तर फिर से खोल दिया है और आने वाले हफ्तों में चेन्नई जैसे अन्य स्थानों पर भी दफ्तर खोल दिए जाएंगे।
कैपजेमिनाई के उपाध्यक्ष और प्रमुख (कॉरपोरेट रियल एस्टेट सर्विसेज, इंडिया और एपीएसी) के वेंकट नीलकांतन कहते हैं, 'हम कंपनी के परिवहन साधनों से लोगों को सुरक्षित कार्यालय और वापस घर जाने का इंतजाम कर रहे हैं और साथ ही दफ्तर के कॉमन एरिया मसलन कैफेटेरिया में भी लोगों में दूरी बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। हमने हमारे कार्यस्थल पर सेवा सहायक के रूप में एली के साथ एक एनिमेटेड वीडियो के माध्यम से एक वीडियो संवाद भी शुरू किया है ताकि कैपजेमिनाई के द्वारा किए गए उपायों को प्रदर्शित किया जा सके और हम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को दफ्तर आने पर उनके सुरक्षा उपायों के बारे में आश्वस्त कर सकें।'
नीलकांतन का कहना है कि कंपनी ने एक सेल्फ डिक्लेरेशन ऐप भी लॉन्च किया है जो यह सुनिश्चित करता है कि सीमित संख्या में लोगों को ऑफिस परिसर तक पहुंचने की अनुमति दी जाए। कंपनी भी नियमित रूप से कार्यालय क्षेत्र को साफ कर रही है और कर्मचारियों को पैक किया गया भोजन उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही कर्मचारी और हाउसकीपिंग स्टाफ दोनों मास्क, दस्ताने और हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते हैं।
|