मुंबई से आवाजाही पर रोक से वाशी मंडी के कारोबारियों को मुश्किल | दिलीप कुमार झा / मुंबई May 06, 2020 | | | | |
मुंबई से नवी मुंबई में जरूरी सेवा में लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने वाली नवी मुंबई नगर निगम (एनएमएमसी) की सार्वजनिक नोटिस ने व्यापारियों को आशंका में डाल दिया है, क्योंकि इससे वाशी एपीएमसी का कामकाज बाधित हो सकता है और साथ ही मुंबई को होने वाली आपूर्ति भी बाधित हो सकती है।
एनएमएमसी के आयुक्त ने कहा कि मुंबई में कोविड-19 के मामले अधिक हैं और वहां से आने वाले लोग अपने साथ नवी मुंबई में वायरस को ला रहे हैं। इसीलिए एक एडवाइजरी नोटिस जारी किया गया जिसमें कहा गया है कि मुंबई से नवी मुंबई आने वाले और यहां मुंबई जाने वाले लोग नवी मुंबई में ही ठहरने का प्रबंध करें। वाशी एपीएमसी में बहुत से कामगार और व्यापारी मुंबई और ठाणे से आते हैं। 200 एकड़ में फैले वाशी एपीएमसी के सभी बड़े खंडों अनाज, सब्जी, फल और मसाला मंडी में अब डर फैल चुका है। श्रम बल में भी भारी कमी आई है और व्यापारी भी बाजार खुले रहने के बावजूद रोजाना आने से परहेज कर रहे हैं।
कारोबार पहले ही घट रहा है। हाल के दिनों में बाजार से मुंबई की ओर रवाना होने वाली ट्रकों की संख्या रोजाना 600 से घटकर 300 रह गई है क्योंकि ट्रांसपोर्टर नवी मुंबई के बाजार में आने से डरे हुए हैं। एक सूत्र ने कहा, 'दूसरे शहरों और जगहों से वाशी आने वाले अनाज की आपूर्तियों को पहले ही मंडी में हालात सामान्?य होने तक नहीं आने के लिए कहा गया है क्योंकि यहां श्रमिकों की भारी कमी है।'
पिछले एक दिन में 13 नए मामलों की पहचान होने के साथ ही वाशी एपीएमसी से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष जुड़े कोविड-19 के मरीजों की संख्या अब 73 हो चुकी है। नवी मुंबई में ही एक दिन में कोविड-19 के 34 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मुंबई के करीब स्थित इस शहर में मरीजों की कुल संख्या 348 पर पहुंच गई है। यहीं एपीएमसी की मंडी स्थिति है। कोविड-19 के मरीजों की बढ़ती संख्या ने किसानों, व्यापारियों, कमीशन एजेंटों और आढ़तियों, खुदरा खरीदारों व कामगारों सहित दूसरे साझेदारों को बेचैन कर दिया है। कोविड-19 ने पूरे महाराष्ट्र को अपनी चपेट में ले लिया है। इसीलिए नवी मुंबई नगर निगम ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर नवी मुंबई से मुंबई के लिए लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। नोटिस में कहा गया है, 'जरूरी सेवाओं के लिए नवी मुंबई से मुंबई की रोजाना यात्रा करने वाले नागरिकों को 7 मई से उनकी आवाजाही पर रोक लगा दी जाएगी ताकि कोविड-19 के प्रसार से बचा जा सके।'
वाशी एपीएमसी के सेक्रेटरी अनिल चव्हाण ने कहा, 'सार्वजनिक नोटिस में सिर्फ कारोबारियों से अनुरोध किया गया है कि अपने और अपने कर्मचारियों के लिए वासी मंडी के भीतर या उसके आसपास अस्थायी आवास की व्यवस्था करें और मुंबई यात्रा करने से बचें।' वाशी एपीएमसी की सब्जी मंडी के साझेदार चिंतित नजर आ रहे हैं और उन्होंने प्रशासन से कहा है कि अस्थायी रूप से मंडी को 2 सप्ताह के लिए बंद कर दिया जाए और मार्केट यार्ड को क्वारंटीन सेंटर बनाया जाए, जिससे कि कोविड-19 के मरीजों की बढ़ती संख्या को रोका जा सके। बहरहाल प्रशासन ने एपीएमसी यार्ड में अतिरिक्त लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए कदम उठाए हैं। उदाहरण के लिए फल एवं सब्जियों वाले हिस्से में खुदरा ग्राहकों का प्रवेश रोक दिया गया है। इस सेक्शन में प्रशासन ने प्रवेश की अनुमति के लिए न्यूनतम खरीद की सीमा 10,000 रुपये कर दी है। पहले 2.5 और 5 किलो खरीदने वाले भी मंडी चले जाते थे।
|