यूपी में ग्रीन व ऑरेंज जोन में उद्योग शुरू करने की अनुमति | बीएस संवाददाता / लखनऊ April 29, 2020 | | | | |
उत्तर प्रदेश सरकार ने कई तरह की गतिविधियों में छूट देने की कवायद शुरू कर दी है। प्रदेश सरकार ने कोरोना से कम प्रभावित इलाकों में कई तरह की ढील देने को कहा है। ग्रीन और आरेंज जोन में आने वाले जिलों में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने को कहा गया है।
कोरोना के कारण प्रदेश में 31 लोगों की मौत हुई है और 60 जिले प्रभावित हुए हैं। सात जिले कोरोना से मुक्त हो गए, जबकि 15 जिलों में कोरोना का कोई मामला नहीं मिला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को हॉटस्पॉट जिलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि हॉटस्पॉट एरिया के सभी मकानों को सैनिटाइज किया जाए। उन्होंने ग्रीन और ऑरेंज जोन में कार्ययोजना बनाकर गतिविधियों को शुरू कराने का आदेश भी दिया है। उन्होंने प्रदेश में मास्क निर्माण के लिए महिला स्वयंसहायता समूहों का चयन करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।
अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में इस समय 7,425 औद्योगिक इकाइयां चल रही हैं। प्रदेश में 81 चीनी मिलों में पेराई का काम चल रहा है और किसानों का पूरा गन्ना खरीदा जाएगा। सभी जिलों में अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि ईंट व अन्य निर्माण सामग्री ले जाने वाले किसी को रोका न जाए। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गोरखपुर एक्सप्रेसवे पर काम जारी है और आवास विभाग में निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है।
अवस्थी ने बताया कि प्रयागराज में पढ़ रहे 10,000 छात्रों को उनके गृह जनपदों तक पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है। मंगलवार शाम तक सैकड़ों छात्रों को लेकर 80 बसें रवाना कर दी गईं। हर बस में 30 छात्रों को रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन सभी छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है, इनके गृह जनपद पर भी छात्रों का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में 2043 मामले सामने आए हैं। जिनमें 1612 एक्टिव केस हैं। उपचार के बाद 2,043 में से 400 पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें घर भेज दिया गया है।
|