महाराष्ट्र की विकास दर 5.7 प्रतिशत रहने का अनुमान | सुशील मिश्र / मुंबई March 05, 2020 | | | | |
आर्थिक सुस्ती के कारण महाराष्ट्र की विकास दर धीमी पड़ गई है। राज्य विधानसभा में पेश आर्थिक समीक्षा में वित्त वर्ष 2019-20 में राज्य की आर्थिक वृद्धि दर 5.7 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इससे पिछले वित्त वर्ष में वृद्धि दर 7.5 प्रतिशत रही थी। चालू वित्त वर्ष में राज्य में कृषि विकास दर 3.1, उद्योग की विकास दर 3.3 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र की विकास दर 7.6 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन देश के दूसरे राज्यों के मुकाबले यह तीसरे पायदान से खिसक कर पांचवे स्थान पर पहुंच गई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र अब निवेशकों की पहली पंसद भी नहीं रह गया। राज्य के उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार ने आर्थिक समीक्षा पेश की। समीक्षा के अनुसार राज्य में प्रति व्यक्ति आय 1,91,736 रुपये से बढ़कर 2,07,727 रुपये रहने का अनुमान जताया गया है।
हालांकि, यह इजाफा उम्मीद से कम रहा है। रिपोर्ट में देश भर में प्रति व्यक्ति आय के मामले में हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु महाराष्ट्र से आगे हैं, जबकि पिछले वर्ष केवल कर्नाटक और तेलंगाना ही इससे आगे थे। समीक्षा के अनुसार देश की जीडीपी में महाराष्ट्र का योगदान 14.3 प्रतिशत है।
|