भारत में राजस्व भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा जोर | टी ई नरसिम्हन और गिरीश बाबू / February 28, 2020 | | | | |
पिछली तिमाही आय में सुधार के संकेत दिखने के बाद आईटी सेवा कंपनी कॉग्निजेंट 2020 को वृद्घि की संभावनाओं वाले वर्ष के तौर पर देख रही है। चेन्नई में हाल में कंपनी की बोर्ड बैठक में शामिल हुए कॉग्निजेंट के मुख्य कार्याधिकारी ब्रायन हम्फ्रीज ने टी ई नरसिम्हन और गिरीश बाबू के साथ बातचीत में आईटी कंपनी की आगामी विकास योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश:
चौथी तिमाही के प्रदर्शन में कॉग्निजेंट के लिए 2020 में सुधार का संकेत मिला। क्या कंपनी राजस्व वृद्घि के संदर्भ में अपने प्रतिस्पर्धियों के साथ मुकाबला कर सकेगी?
हमने लगातार तीन तिमाहियों से वाल स्ट्रीट के अनुमान को मात दी है। दरअसल, 5 फरवरी को हमारी ताजा आय घोषणा के बाद, शेयर अगले दिन 10 प्रतिशत चढ़ गया था। मेरा मानना है कि वाल स्ट्रीट में हमारे मालिक कॉग्निजेंट में नया जोश देख रहे हैं। वह हमें एक स्पष्टï रणनीति के बारे में हमें काम करते देख रहे हैं। मेरा मानना है कि इस साल वृद्घि की रफ्तार तेजी होनी चाहिए और 2021 में भी तेजी रहेगी। इसलिए हम उम्मीद के साथ वर्ष 2020 में प्रवेश कर रहे हैं। यह वर्ष क्रियान्वयन का वर्ष होगा।
भारत प्रमुख डिलिवरी केंद्र के तौर पर कॉग्निजेंट के लिए महत्वपूर्ण बना रहेगा?
भारत कॉग्निजेंट के लिए आगे भी अहम भूमिका निभाएगा। भारत कॉग्निजेंट के लिए आत्मा है। यहां हमारे लगभग 200,000 कर्मचारी हैं, जो कुल कर्मचारी आधार का दो-तिहाई हैं। देश में कर्मियों की संख्या में वृद्घि आने वाले वर्षों में भी बरकरार रहेगी। इस साल हम भारत में 23,000 फ्रेशर्स की नियुक्ति कर रहे हैं। कॉग्निजेंट ब्रांड यहां बेहद मजबूत बना हुआ है। हम भारत में निवेश बनाए रखेंगे और यही वजह है कि मैं यहां हरेक 6-8 सप्ताह में आता हूं।
क्या आप नए क्षेत्रों में अपने पोर्टफोलियो में बदलाव लाएंगे?
हमने अपने पोर्टफोलियो में बदलाव किया है। मौजूदा समय में कॉग्निजेंट का 24 प्रतिशत राजस्व उत्तर अमेरिका से बाहर से आता है। हमारी रणनीतिक महत्वाकांक्षा यहां हमारी राजस्व भागीदारी बढ़ाने की है। कंपनी द्वारा किए गए पांच में से तीन अधिग्रहण यूरोपीय कंपनियों से संबंधित थे। मैं अंतरराष्टï्रीय बाजारों में 20 प्रतिशत की चक्रवृद्घि दर से वृद्घि देखना चाहता हूं। हमारी रणनीति के हिस्से हैं- हम अपने पारंपरिक व्यवसाय को सुरक्षित बनाए रखना चाहते हैं और इसमें हम अपनी डिलिवरी को अनुकूल बनाना चाहते हैं। हमें अंतरराष्टï्रीय तौर पर तेजी लानी होगी और प्रौद्योगिकी परामर्श व्यवसाय बढ़ाना होगा। रणनीति का दूसरा हिस्सा चार मुख्य आधारों - क्लाउड, डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल इंजीनियरिंग और आईओटी पर केंद्रित है।
क्या आप कॉग्निजेंट की नियुक्ति योजना के बारे में बता सकते हैं?
हमने इस साल लगभग 25,000 लोगों को नियुक्त करने या उन्हें डिजिटल कौशल के साथ फिर से प्रशिक्षित करने की योजना बनाई है। इनमें से कुछ फ्रेशर होंगे, जबकि कुछ को पुन: प्रशिक्षित किया जाएगा। इस साल 23,000 नए स्नातक हमारे साथ जुड़ेंगे, जो पिछले साल की नियुक्तियों के मुकाबले 30 प्रतिशत ज्यादा है। आप हमारी नियुक्तियों में तेजी देखेंगे और यह भविष्य का एक बेहद मजबूत संकेत है।
एक राजनेता ने हाल में कॉग्निजेंट के खिलाफ मद्रास उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी जिसमें भारत में इकाइयों के विकास के संबंध में रिश्वत देने का आरोप लगाया गया था। इस बारे में आपकी क्या प्रतिक्रिया है?
मैं भारत में किसी व्यक्तिगत मुकदमेबाजी या खबर पर प्रतिक्रिया देना नहीं चाहता। बेहद महत्वपूर्ण सवाल यह है कि मैं इसे लेकर आश्वस्त हूं कि हमारे पास विश्वस्तरीय मानकों और अनुपालन वाली टीम है।
|