जनवरी में लगातार छठे महीने निर्यात गिरा | शुभायन चक्रवर्ती / नई दिल्ली February 14, 2020 | | | | |
जनवरी में लगातार छठे महीने निर्यात में कमी आई है। विदेशी मुद्रा कमाने वाले प्रमुख क्षेत्रों जैसे इंजीनियरिंग के सामान, आभूषण और टेक्सटाइल के निर्यात में गिरावट जारी है। हालांकि पेट्रोलियम निर्यात में तेजी आई है। वाणिज्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में निर्यात 1.6 प्रतिशत घटा है, जो दिसंबर के 1.8 प्रतिशत गिरावट की तुलना में कम है। वित्त वर्ष 2019-20 के पहले 10 महीने के दौरान निर्यात में गिरावट का रुख है। जनवरी तक कुल निर्यात 265.3 अरब रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.9 प्रतिशत कम है।
वहीं इस दौरान आयात में भी गिरावट आई है। जनवरी में आयात 0.7 प्रतिशत घटा है, जो दिसंबर के 8.9 प्रतिशत गिरावट की तुलना में बहुत कम है। कुल मिलाकर भारत ने अप्रैल-जनवरी के दौरान 399 अरब डॉलर का आयात किया है, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 8.1 प्रतिशत कम है। लेकिन जनवरी में व्यापार घाटा बढ़कर 15 अरब डॉलर हो गया, जो नवंबर में 11.2 अरब डॉलर था। इक्रा में मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नैयर ने कहा, 'घाटा बढऩे की मुख्य वजह कच्चे तेल के आयात में बढ़ोतरी है।'
सरकार के आंकड़ों से पता चलता है कि जनवरी में निर्यात 25.0 अरब डॉलर रहा है और निर्यात के 30 प्रमुख क्षेत्रों में से 17 में गिरावट देखी गई है, जो पहले महीने के 19 की तुलना में कम है। देश के सबसे बड़े एकल निर्यात वाले पेट्रोलियम क्षेत्र के निर्यात में तेजी वापस लौटी है और यह 2 प्रतिशत बढ़ा है। पिछले महीने इसमें 8 प्रतिशत गिरावट दर्ज हुई थी।
|