कैपजेमिनाई जबरदस्त नियुक्तियां करेगी | देवाशिष महापात्र / मुंबई February 13, 2020 | | | | |
प्रमुख आईटी सेवा कंपनी कैपजेमिनाई ने भारत में इस साल करीब 12,000 नए स्नातकों को नियुक्त करने की योजना बनाई है। फ्रांस की इस कंपनी ने देश में अपनी डिलिवरी दक्षता को कहीं अधिक बेहतर करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को बेहतर अनुभव एवं करियर विकास की संभावनाएं मुहैया कराने संबंधी कई एचआर पहल की है। कैपजेमिनाई की मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (भारतीय कारोबार) पल्लवी त्यागी ने बिजनेस स्टैंडर्ड से कहा कि कंपनी मिलेनियल्स पर केंद्रित कई पहल शुरू की है क्योंकि कंपनी के कार्यबल में उसकी उल्लेखनीय हिस्सेदारी है। उन्होंने कहा, 'पिछले साल हमने भारत में करीब 25,000 लोगों को नियुक्त किया था जिसमें 40 फीसदी यानी करीब 10,000 लोगों की नियुक्ति परिसरों से की गई थी। इस साल भी हम परिसरों से करीब 10 से 12 हजार इंजीनियरिंग स्नातकों को नियुक्त करने की योजना बना रहे हैं।' त्यागी ने पिछले साल अक्टूबर में यह जिम्मेदारी संभाली थी।
भारत में कारोबार करने वाली वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के बीच कैपजेमिनाई एक प्रमुख नियोक्ता है और वह नियुक्ति के मोर्चे परआईबीएम एवं एक्सेंचर से भी आगे है। फिलहाल भारत में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब 1,10,000 है जो उसके कुल वैश्विक कर्मचारियों का करीब आधा है। कंपनी के कुल वैश्विक कर्मचारियों की संख्या 2,19,000 है। आईगेट के साथ एकीकरण के बाद इस आईटी सेवा कंपनी की नजर अब भारत में अपनी डिलिवरी दक्षता बढ़ाने पर है। आईगेट का अधिग्रहण 2015 में किया गया था।
त्यागी ने कहा, 'हम 31 देशों में कारोबार करते हैं और इन देशों के बीच भारत में हमारे करीब 50 फीसदी कर्मचारी मौजूद हैं। इसी से हमारी प्राथमिकता का पता चलता है कि कंपनी भारत पर कितना भरोसा करती है। इससे यह भी पता चलता है कि भारतीय इकाई की डिलिवरी क्षमता कितनी है। हम अपनी क्षमता और बेहतर करेंगे।'
|