नवंबर में स्वर्ण आयात 5 महीने के शीर्ष स्तर पर | रॉयटर्स / नई दिल्ली/मुंबई December 03, 2019 | | | | |
नवंबर में देश का स्वर्ण आयात पिछले महीने की तुलना में 78 प्रतिशत उछलकर पांच महीने के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया क्योंकि दुनिया में सोने के इस दूसरे सबसे बड़े बाजार में जौहरियों ने दाम गिरने के बाद फिर से इसका स्टॉक करना शुरू कर दिया है। सरकार के एक सूत्र ने आज यह जानकारी दी। भारत द्वारा अधिक आयात किए जाने से वैश्विक दामों को मदद मिलने की संभावना है जो वर्ष 2019 में अब तक 12 प्रतिशत से भी अधिक बढ़ चुके हैं, लेकिन इससे देश का व्यापार घाटा और रुपये पर दबाव भी बढ़ सकता है। भारत सोने की अपनी लगभग संपूर्ण मांग को आयात के जरिये ही पूरा करता है।
पहचान उजागर न करने की शर्त पर सूत्र ने बताया कि नवंबर में भारत ने 71 टन सोने का आयात किया है, जबकि अक्टूबर में 40 टन आयात किया गया था। हालांकि नवंबर 2018 की तुलना में आयात 16 प्रतिशत कम रहा है। मुंबई के सराफा कारोबारी रिद्धि-सिद्धि के निदेशक मुकेश कोठारी ने कहा कि दीवाली के बाद सोने के दामों में सुधार हुआ है जिससे जौहरियों को स्टॉक भरने का मौका मिला है। देशवासियों ने अक्टूबर में धनतेरस और दीवाली पर्व मनाए थे। तब सोने की खुदरा मांग शीर्ष स्तर पर थी क्योंकि इसे शुभ और समृद्धि बढ़ाने वाला माना जाता है। सितंबर में 39,885 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर जाने के बाद नवंबर में स्थानीय सोने का वायदा भाव गिरकर 37,477 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था।
सूत्र ने कहा कि मूल्य के हिसाब से नवंबर में कुल आयात 2.94 अरब डॉलर रहा है जो पिछले साल के 2.76 अरब डॉलर की तुलना में कुछ ज्यादा है। स्वर्ण आयातक बैंक के मुंबई स्थित एक सराफा कारोबारी ने कहा कि जौहरियों की मांग बढऩे से भारत में पिछले महीने के आधिकारिकघरेलू दामों की तुलना में सोने ने साढ़े पांच महीने में पहली बार प्रीमियम पर कारोबार करना शुरू कर दिया है जिसने रिफाइनरों को कच्चे सोने का आयात बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि भारी छूट की वजह से रिफाइनरों के लिए अक्टूबर तक आयात आकर्षक नहीं था। चूंकि सोने ने प्रीमियम पर कारोबार करना शुरू कर दिया है इसलिए उन्होंने आयात में इजाफा किया है।
नवंबर में आधिकारिक घरेलू दामों पर कारोबारियों ने प्रति औंस 1.5 डॉलर तक का प्रीमियम वसूला है, जबकि अक्टूबर में प्रति औंस 21 डॉलर तक की छूट दी गई थी। घरेलू दामों में 12.5 प्रतिशत का आयात शुल्क और तीन प्रतिशत का बिक्री कर शामिल रहता है। सरकारी अधिकारी ने बताया कि नवंबर के दौरान देश के स्वर्ण आयात में कच्चे सोने की हिस्सेदारी 33 टन रही है, जबकि अक्टूबर में 8.5 टन आयात किया गया था। मुंबई के एक कारोबारी ने कहा कि दिसंबर में देश का स्वर्ण आयात गिरकर 40 टन से नीचे जा सकता है जो पिछले साल 73 टन था।
|