नर्मदा घाटी विकास मंत्री से चर्चा के बाद आंदोलन समाप्त | बीएस संवाददाता / भोपाल November 21, 2019 | | | | |
नर्मदा बचाओ आंदोलन के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को नर्मदा घाटी विकास मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल से चर्चा के बाद राजधानी भोपाल में नर्मदा भवन के समक्ष पिछले कई दिनों से चला आ रहा आंदोलन समाप्त कर दिया। आंदोलनकारियों से बातचीत के बाद मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सरदार सरोवर बांध के प्रभावित परिवारों को राहत देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि टीन की छत में रहने वाले प्रत्येक योग्य परिवार को भूखंड दिए जाएंगे और इन्हें 5.80 लाख रुपये अनुदान का भुगतान भी शीघ्र किया जाएगा।
भोपाल में आयोजित इस बैठक में सरदार सरोवर बांध का जल स्तर तय करने और पीडि़तों के पुनर्वास के संबंध में चर्चा की गई। चर्चा के बाद आंदोलनकारियों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। बघेल ने प्रदेश की पिछली भाजपा सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों की नए सिरे से समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित ग्रामों की ग्राम-स्तरीय समिति का गठन कर हरेक महीने बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि नाव व्यवस्था में लगे नाविकों को तत्काल भुगतान करने को कहा गया है। इसके लिये जिला स्तर पर राशि उपलब्ध कराई गई है। बघेल ने कहा कि फसल को नुकसान को प्राकृतिक आपदा मानकर प्राथमिकता के आधार पर भुगतान किया जाएगा।
बैठक में मंत्री और आंदोलनकारियों के अलावा अपर मुख्य सचिव एवं नर्मदा घाटी विकास के उपाध्यक्ष श्री एमण गोपाल रेड्डी, नर्मदा घाटी विकास आयुक्त(फील्ड), इंदौर पवन कुमार शर्मा, नर्मदा घाटी विकास के संचालक प्रशासन एवं पुनर्वास संजय गुप्ता भी मौजूद थे।
|