अत्याधुनिक होंगे मप्र के शहर | बीएस संवाददाता / भोपाल November 19, 2019 | | | | |
मध्य प्रदेश के शहरी विकास मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि राज्य के शहर न्यूयॉर्क, लंदन, टोकियो, शांघाई, जोहान्सबर्ग और म्यूनिख आदि शहरों की तर्ज पर विकसित किए जाएंगे। सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार इन शहरों के विकास के लिए बनाए गए विभिन्न मास्टर प्लान का अध्ययन कर रही है। सिंह ने बताया कि प्रदेश के 34 शहरों का भौगोलिक सूचना तंत्र (जीआईएस) आधारित मास्टर प्लान तैयार करने में इन वैश्विक शहरों का अध्ययन शामिल किया जा रहा है। इन शहरों के मिश्रित भूमि प्रयोग, ट्रांजिट केंद्रित विकास आदि की प्रक्रिया को प्रदेश के शहरों के नियोजन में अपनाया जायेगा।
सिंह ने बताया कि प्रदेश में शीघ्र ही लैंड पूलिंग नीति तैयार की जाएगी जिसके तहत भू-स्वामियों को भी अंशधारक बनाकर भूमि का विकास किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में अचल संपत्ति कारोबार को गति देने के लिए एक राज्य-एक पंजीयन की नीति लाने की बात भी कही। अचल संपत्ति कारोबार में लालफीताशाही समाप्त कम करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने गत अक्टूबर में मध्य प्रदेश अचल संपत्ति नीति, 2019 को मंजूरी देते हुए डेवलपर्स के लिए जरूरी दस्तावेज की संख्या 27 से घटाकर 5 कर दी थी। इसी कड़ी में सरकार ने 2 हेक्टेयर से कम भू-भाग में आवासीय परियोजनाओं के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान कर दी थी। सरकार का कहना है कि ऐसा करने से अवैध निर्माणों को कम करने में मदद मिलेगी।
प्रदेश सरकार की योजना बड़े शहरों के आसपास के इलाकों में फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) मुक्त क्षेत्र विकसित करने की भी है ताकि नए क्षेत्रों का विकास किया जा सके। उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल के साथ राज्य में साथ ही रैपिड रेल चलाने की योजना तैयार हो रही है। अपने विभाग के पिछले 11 माह के विकास कार्यों का ब्योरा देने के लिए आयोजित पत्रकार वार्ता में सिंह ने कहा कि राज्य में मेट्रो रेल की साथ रैपिड रेल चलाने की योजना बनाई जा रही है।
|