कॉग्निजेंट करेगी नई भर्तियां | गिरीश बाबू / चेन्नई November 07, 2019 | | | | |
प्रमुख आईटी सेवा कंपनी कॉग्निजेंट कैलेंडर वर्ष 2020 के दौरान देश के प्रौद्योगिकी संस्थानों से करीब 23,000 कर्मचारियों को नियुक्त करने की योजना बना रही है। भारत में कॉग्निजेंट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रामकुमार राममूर्ति ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां बीपीओ कारोबार के लिए परिसरों से होने वाली नियुक्तियों के अतिरिक्त होंगी। राममूर्ति ने कहा कि कंपनी नियुक्तियां जारी रखेगी और वैश्विक स्तर पर उसके करीब 2.9 लाख कर्मचारियों को देखते हुए छंटनी बेहद मामूली होगी। नैसडैक में सूचीबद्ध इस आईटी सेवा कंपनी ने हाल में कहा था कि वह अपने '2020 फिट फॉर ग्रोथ प्लान' के तहत मध्यम से वरिष्ठ स्तर पर करीब 7,000 कर्मियों की छंटनी करने की योजना बना रही है। साथ ही कंपनी ने अपने कंटेंट मॉडरेशन कारोबार को बंद करने की भी घोषणा की थी जहां 6,000 लोगों को रोजगार खोना पड़ सकता है।
चेन्नई ट्रेड सेंटर में 'टेक्नोलॉजी एट द हर्ट ऑफ इंडियाज 5 ट्रिलियन डॉलर इकनॉमी' विषय पर आयोजित 18वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और सूचना एवं संचार प्रदर्शनी सीआईआई कनेक्ट 2019 के दौरान राममूर्ति ने कहा कि देश की दो ताकत है- प्रौद्योगिकी एवं प्रतिभा जो विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (एसटीईएम) में हैं। यह कहना गलत होगा कि तत्काल नियुक्ति योग्य प्रतिभाओं का अभाव है क्योंकि देश में पर्याप्त प्रतिभा उपलब्ध है। राममूर्ति ने कहा, 'हम प्रद्योगिकी प्रतिभा का संभवत: सबसे बड़े लाभार्थी हैं। वर्ष 2014 से 2018 के दौरान पांच वर्षों के दौरान कॉग्निजेंट ने भारत में 66,000 लोगों की शुद्ध नियुक्ति की। यदि इसमें चालू वर्ष के पहले नौ महीनों को भी जोड़ दिया जाए तो यह आंकड़ा बढ़कर 75,000 (पहले नौ महीनों के दौरान करीब 9,000 लोगों की शुद्ध नियुक्ति) हो जाएगा। प्रतिभाओं की गुणवत्ता दिनानुदिन बेहतर होती जा रही है। '
राममूर्ति ने कहा, 'हमारी योजना कैलेंडर वर्ष 2020 के दौरान एसटीईएम और विशेष तौर पर इंजीनियरिंग संकाय से देश में करीब 23,000 छात्रों को नियुक्त करने की है। हमारे बीपीओ कारोबार के लिए विभिन्न परिसरों से होने वाली कई हजार नियुक्तियां इसमें शामिल नहीं हैं।' उन्होंने कहा कि कंपनी ने अब तक करीब 80 इंजीनियरिंग संस्थानों के 15,000 पेशकश की है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस साल की अंतिम तिमाही के दौरान किए गए पेशकश की संख्या की जानकारी नहीं है।
|