बिहार में पिछले महीने हुई झमाझम बारिश के बाद अच्छी फसल होने की उम्मीद बढ़ गई है। राज्य सरकार ने इस बार रबी मौसम में करीब 44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य रखा है, जिससे बिहार में करीब 1.5 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन होगा। अधिकारियों के मुताबिक पिछले महीने राज्य में अच्छी बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति जरूर पैदा हो गई थी, लेकिन इससे एक बड़े क्षेत्र में मिट्टी में अच्छी खासी नमी आ गई है। उनके अनुसार इसका सीधा लाभ रबी की फसलों को पहुंचेगा। राज्य सरकार इस बार रबी मौसम में होने वाली फसलों की खेती को लेकर खासी उत्साहित है। इस बार इस सत्र मौसम में राज्य सरकार ने 43.75 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य रखा है। कुल मिलाकर लगभग 1.5 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन की संभावना है। इस बारिश का सबसे ज्यादा लाभ गेहूं की फ सल को होने की उम्मीद है, जिसकी खेती 23 लाख हेक्टेयर में होने की उम्मीद है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक इससे 72 लाख टन गेहूं का उत्पादन होगा। राज्य सरकार ने 42 लाख टन मक्का उत्पादन का लक्ष्य रखा है। राज्य सरकार ने 11.50 लाख हेक्टेयर में दलहन की खेती का भी लक्ष्य रखा है। राज्य में इस बार करीब 13.75 लाख टन दलहन पैदावार की उम्मीद की जा रही है। राज्य में पिछले साल 280 प्रखंडों मे भारी सूखा पड़ा था। इस वजह से राज्य में खाद्यान्न उत्पादन में 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। इस वर्ष भी खरीफ के मौसम में राज्य सरकार का एक हिस्सा जहां बाढ़ से परेशान था, वहीं दक्षिण बिहार में सुखाड़ की स्थिति पैदा हो गई थी।
