उत्तर प्रदेश में भारी बारिश जारी, 15 जिलों में बाढ़ | बीएस संवाददाता / लखनऊ September 30, 2019 | | | | |
उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से बारिश का कहर जारी है। राज्य में लगातार हो रही बारिश से 15 से ज्यादा जिलों में बाढ़ आ गई है और हजारों हेक्टेयर धान की तैयार फसल बरबाद हो गई है। धान की फसल पकने के समय में मूसलाधार बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उत्तर प्रदेश में धान का कटोरा कहे जाने वाले जिलों बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बलिया और आजमगढ़ में पिछले 8 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। सितंबर के दूसरे सप्ताह में हुई बारिश के बाद इन जिलों के किसानों को धान की अच्छी फसल की उम्मीद थी, जो अब धराशायी हो गई है।
राज्य के कृषि विभाग का कहना है कि कई जगहों पर बाढ़ में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज बारिश से प्रदेश के सभी हिस्सों में तापमान में भी गिवाट आई है, जो धान की फसल के लिए अच्छी नहीं मानी जा रही है। पिछले 15 दिनों से उत्तर प्रदेश में पारा 32 डिग्री के पार नहीं गया है और ज्यादातर जगहों पर औसत तापमान 25 से 25 डिग्री के बीच रहा है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि धान की बाली के फूटने के समय जो तापमान होना चाहिए, वह भी नही मिल रहा है इसके चलते जहां बाढ़ का प्रकोप नहीं है वहां भी फसल कमजोर ही रहेगी। राज्य में गंगा गाजीपुर और बलिया जिलों में खतरे के निशान के ऊपर बह रही तो आजमगढ़ में घाघरा और जौनपपुर में गोमती का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है
|