अब पीएमओ में कमाल दिखाएंगे पी के सिन्हा | अर्चिस मोहन / August 30, 2019 | | | | |
अगर नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में लागू की गई योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की दृष्टि एवं संकल्प को दिया जाता है तो उसके पीछे कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा की पर्दे के पीछे रहकर किए गए शानदार प्रबंधन का भी कम हाथ नहीं रहा है। मोदी सरकार में शीर्ष लोकसेवक के तौर पर सिन्हा की अहमियत को इसी से समझा जा सकता है कि कैबिनेट सचिव का पद संभालने के बाद से उन्हें अब तक तीन बार सेवा विस्तार दिया जा चुका है। मोदी सरकार 1.0 के पहले साल में ही उन्होंने अजित सेठ से कैबिनेट सचिव का पद संभाला था और उसके बाद उनका कार्यकाल दो बार बढ़ाया गया। मोदी सरकार 2.0 आने के बाद गत जून में उन्हें फिर से सेवा विस्तार दिया गया था। हालांकि तीसरा विस्तार तीन महीनों का ही था।
यह अवधि खत्म होने के पहले ही सिन्हा को नई जिम्मेदारी देने का ऐलान कर दिया गया है। उन्हें अब प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) नियुक्त करने की घोषणा की गई है। सिन्हा ऐसे वक्त में पीएमओ का जिम्मा संभालने जा रहे हैं जब मोदी सरकार अब तक के अपने सबसे मुश्किल आर्थिक हालात से गुजर रही है। अर्थव्यवस्था की गिरती सेहत को सुधारना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा अगले पांच वर्षों में ढांचागत क्षेत्र में करीब 100 लाख करोड़ रुपये के निवेश की बेहद महत्त्वाकांक्षी योजना की भी निगरानी करनी होगी। वर्ष 2024 तक अर्थव्यवस्था का आकार पांच लाख करोड़ डॉलर पहुंचाना भी उनके एजेंडे में काफी ऊपर रहेगा।
वैसे सिन्हा इन चुनौतियों से पार पाने के लिए शायद सबसे अच्छी स्थिति में हैं। वह वित्तीय मामलों में महारत रखने के साथ ही ढांचागत क्षेत्रों में भी लंबा अनुभव रखते हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी के तौर पर अपनी 42 वर्ष लंबी सेवा में वह ऊर्जा, जहाजरानी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालयों में अहम पदों को संभाल चुके हैं। करीब 20 वर्ष उन्होंने ऊर्जा एवं ढांचागत मंत्रालयों में ही बिताए हैं। इसके अलावा आर्थिक मामलों में भी उनकी पकड़ रही है। उन्होंने आईएएस के लिए चुने जाने के पहले दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक करने के बाद इसी विषय से दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से परास्नातक भी किया था। ऐसे में मोदी सरकार को भी उम्मीद होगी कि मौजूदा आर्थिक हालात में सिन्हा पीएमओ के प्रमुख अधिकारी के रूप में असरदार आर्थिक नीतियों एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
|