'मैं अब कांग्रेस अध्यक्ष नहीं, जल्द चुना जाए नया अध्यक्ष' | भाषा / July 03, 2019 | | | | |
लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर अडिग राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि वह अब पार्टी के प्रमुख नहीं हैं और नए अध्यक्ष के लिए जल्द चुनाव होना चाहिए। गांधी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, 'मैं अध्यक्ष नहीं हूं। नए अध्यक्ष के लिए जल्द चुनाव हों।' राहुल गांधी ने बुधवार को ट्विटर पर एक खुला पत्र साझा किया और कहा, 'उस पार्टी (कांग्रेस) की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात है जिसके मूल्यों और विचारों ने जीवनशक्ति के रूप में हमारे सुन्दर देश की सेवा की है।'
उन्होंने यह भी कहा कि नए अध्यक्ष के लिए चुनाव एक महीने पहले हो जाना चाहिए था। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि कार्य समिति के सदस्यों ने उनकी पेशकश को खारिज करते हुए उन्हें आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद से गांधी लगातार इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। हालांकि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे आग्रह किया है कि वह कांग्रेस का नेतृत्व करते रहें। गांधी द्वारा इस्तीफा देने के शीघ्र बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि कांग्रेस के विपरीत भाजपा में पहले से सांगठनिक ढांचा है। कैबिनेट की बैठक के फैसलों की ब्रीफिंग के बाद जावडेकर ने गांधी के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'भाजपा में (सांगठनिक) चुनाव और सदस्यता समयसारणी तैयार है। काम शुरू भी हो गया है। हमारे कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। यदि किसी अन्य दल में कुछ नहीं हो रहा है तो मैं क्या कर सकता हूं?'
इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की औपचारिक घोषणा के बाद राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से अपना परिचय बदल लिया। उन्होंने अब ट्विटर पर अपना परिचय 'कांग्रेस सदस्य और संसद सदस्य' के रूप में दिया है। उन्होंने पार्टी को सुझाव दिया कि नया अध्यक्ष चुनने के लिए एक समूह गठित किया जाए क्योंकि उनके लिए यह उपयुक्त नहीं है कि इस प्रक्रिया में शामिल हों।
|