सोमवार को उत्तर प्रदेश में पांचवें चरण के मतदान में दिग्गज नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जितिन प्रसाद, केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह और साध्वी निरंजन ज्योति की किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद हो जाएगी। पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, धौरहरा, मोहनलालगंज, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज, गोंडा, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर और बांदा में वोट पड़ेंगे। पिछले चुनाव में इन 14 सीटों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 11 और उसकी सहयोगी अपना दल को 1 सीटें मिली थीं। विपक्ष को केवल अमेठी व रायबरेली में सफलता मिली थी। इस बार भाजपा के सामने न केवल पिछला प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है, बल्कि सपा-बसपा के गठबंधन से भी पार पाना है। भाजपा इस बार पांचवें चरण की सभी 14 सीटों पर मैदान में है, वहीं सपा-बसपा गठबंधन ने अमेठी-रायबरेली सीटें कांग्रेस के लिए छोड़ दी हैं। अमेठी में राहुल का मुकाबला केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से है। रायबरेली में सोनिया गांधी के मुकाबले भाजपा ने कांग्रेस के ही पुराने नेता दिनेश प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है। देश भर में भाजपा की सबसे सुरक्षित सीटों में शुमार राजधानी लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ सपा-बसपा गठबंधन ने शत्रुघन सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को उतारा है।
