नीतीश ने सौर परियोजनाएं जल्द पूरी करने का दिया निर्देश | बीएस संवाददाता / पटना February 05, 2019 | | | | |
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में सौर ऊर्जा परियोजनाएं जल्द से जल्द पूरी करने का आदेश दिया है। इस बारे में मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को कागजी प्रक्रियाएं तेजी से निपटाने का भी निर्देश दिया। राज्य सरकार ने 'स्मार्ट मीटर' लगाने के कार्य में भी तेजी लाने का आदेश संबंधित विभाग को दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना में ऊर्जा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की कजरा और पीरपैंती सौर परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश दिया। इस बारे में सरकार ने ऊर्जा विभाग को इन परियोजनाओं से जुड़ी कागजी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने का आदेश दिया है। विभाग को भूमि अधिग्रहण के काम में तेजी लाने का आदेश भी दिया गया है। दरअसल, इन परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार को करीब 2,100 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करना है। इन परियोजनाओं से बिजली की अनुमानित दरों के बारेमें भी मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली।
दरअसल, बांका और भागलपुर जिले में स्थित इन प्रस्तावित परियोजनाओं से राज्य सरकार को करीब 250-250 मेगावॉट बिजली मिलने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं पर राज्य सरकार ने करीब 5,000 करोड़ रुपये के निवेश का भी फैसला लिया है। साथ ही, इन दोनों परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के उपक्रमों से तकनीकी मदद भी मांगी है। हालांकि, अब तक केंद्र सरकार ने इस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने ऊर्जा िवभाग से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के काम में भी तेजी लाने को कहा है।
|