यूपी के खादी बुनकर झारखंड से सीखेंगे महीन सूत बनाने की कला | बीएस संवाददाता / लखनऊ July 05, 2018 | | | | |
उत्तर प्रदेश के खादी बुनकर झारखंड की मदद से महीन सूत तैयार करना सीखेंगे। झारखंड की खादी संस्थाएं उत्तर प्रदेश के बुनकरों को महीन सूत से तैयार खादी के कपड़े बनाना सिखाएंगी। इसके साथ ही पॉटरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार माटी कला बोर्ड बनाएगी। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी के मुताबिक खादी को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश एवं झारखंड साथ मिलकर काम करेंगे। झारखंड खादी बोर्ड के अध्यक्ष के साथ साझा बैठक में उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेश में स्थापित खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के उत्कृष्टï उत्पाद एवं तकनीक साझा की जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्थापित ज्यादातर खादी संस्थाएं मोटे सूत का उत्पादन कर रही हैं, जिससे खेश, दरी, चादर, गमछा, लुंगी तथा अन्य वस्त्र तैयार किए जाते हैं। प्रदेश में महीन सूत का उत्पादन बहुत कम होता है। लेकिन झारखंड की खादी संस्थाएं महीन सूत का उत्पादन कर उच्च गुणवत्ता वाले मलमल के वस्त्र तैयार करती हैं, जिनकी वर्तमान बाजार में काफी मांग है।
पचौरी ने कहा कि खादी बोर्ड मुख्यालय पर बने नए भवन के भूतल एवं प्रथम तल पर खादी एवं ग्रामोद्योग इंपोरियम संचालित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के उत्कृष्टï उत्पादों के साथ अन्य प्रदेशों के उत्पाद बिक्री और प्रदर्शनी के उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि जल्दी ही माटी कला बोर्ड का गठन होने जा रहा है। प्रदेश में 1.5 फीसदी लोग प्रजापति समाज के हैं, उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा और मिट्टी के बर्तनों की पुरानी पद्धति को वापस लाया जा सकेगा।
|