फोर्ब्स ने वर्ष 2018 की शीर्ष 50 फाइनैंशियल टेक्नोलॉजी (फिनटेक) कंपनियों की सूची जारी की है जिसमें 11 कंपनियां बिटकॉइन और ब्लॉकचेन क्षेत्र से हैं। इसमें बिटफ्यूरी ग्रुप, ब्लॉकचेन, रिपल और कॉइनबेस जैसी कंपनियां शामिल हैं।
फोर्ब्स ने कहा, 'आभासी मुद्रा (क्रिप्टोकरेंसी) की कीमतों में अस्थिरता पर लगातार जारी खबरों के बावजूद फिनटेक 50 कंपनियों में शामिल ब्लॉकचेन कंपनियां वर्तमान वित्तीय लेनदेन को बदलने के लिए अवसंरचना निर्माण में लगी हैं। साथ ही, ये कंपनियां क्रिप्टोकरेंसी बाजार को स्थिरता देने का प्रयास भी कर रही हैं।'
फिनटेक कंपनियां ऐसी कंपनियां होती हैं जो तकनीक एवं नवाचार का प्रयोग करके वित्तीय सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। वर्तमान में फिनटेक कंपनियां ब्लॉकचेन के क्षेत्र में तेजी से अपना प्रसार कर रही हैं। ब्लॉकचेन तथा ऐप की सहायता से ये कंपनियां ऋण देने से लेकर बीमा आदि क्षेत्र में काम कर रही हैं।
इस सूची में कुल 22 कंपनियां पहली बार अपना स्थान बनाने में सफल रहीं। फोर्ब्स ने कहा, 'वर्ष 2017 में फिनटेक स्टार्टअप्स में 27.4 अरब डॉलर (लगभग 1,760 अरब रुपये) का निवेश हुआ है, जो वर्ष 2016 से 18 प्रतिशत अधिक है। यह आश्चर्य की बात नहीं है कि इस बार 22 नई फिनटेक कंपनियों ने इस सूची में अपना स्थान बनाया।'
यह फोर्ब्स द्वारा जारी शीर्ष 50 फिनटेक कंपनियों की सूची का तीसरा संस्करण था। सूची में शामिल बिटकॉइन तथा ब्लॉकचेन क्षेत्र में कार्यरत 9 कंपनियों को 'ब्लॉकचेन और क्रिप्टोकरेंसी का भविष्य' बताया गया है। इनमें से 5 कंपनियां पहली बार सूची में शामिल हुई हैं।
फोर्ब्स ने बताया, 'ब्लॉकचेन कंपनी विश्व की सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट है। 1 करोड़ से अधिक ग्राहकों को वॉलेट सुविधा के साथ बिटकॉइन, इथीरियम, लाइटकॉइन आदि आभासी मुद्राओं में ट्रेडिंग सुविधा देने वाली कंपनी कॉइनबेस ने उपयोगकर्ता अनुकूल इंटरफेस उपलब्ध कराया है।'
गौरतलब है कि शीर्ष 50 फिनटेक कंपनियों में शामिल 3 ब्लॉकचेन क्षेत्र की कंपनियों (द बिटफ्यूरी समूह, कॉइनबेस और रिपल) के संस्थापक हाल ही में फोर्ब्स द्वारा जारी क्रिप्टोकरेंसी में सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में भी शामिल हैं। हालांकि फोर्ब्स ने कहा है कि शेयर बाजार में व्यापार करने वाली कंपनियां, उनकी सहायक कंपनियां और निजी क्षेत्र की स्थापित कंपनियों को इस सूची में शामिल नहीं किया गया है।