मैगी में नहीं है राख : नेस्ले इंडिया | भाषा / नई दिल्ली December 04, 2017 | | | | |
मैगी ब्रांड के तहत नूडल बेचने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया ने कहा है कि उसके नूडल भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नवीनतम मानकों के मुताबिक है और इसमें कोई राख नहीं मिलाई गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के जिला प्रशासन ने कंपनी और इसके वितरकों पर जुर्माना लगाया था। यह जुर्माना कंपनी के मैगी नूडल के नमूने एक प्रयोगशाला परीक्षण में कथित तौर पर असफल होने के बाद लगाया गया।
इसकी वजह इसमें राख जैसे तत्व का मानव उपभोग के लिए अनुमति प्राप्त सीमा से अधिक पाया जाना रही। नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुरेश नारायण ने पत्रकारों से कहा, नेस्ले की ओर से यह स्पष्ट किया जाता है कि मैगी नूडल के विनिर्माण की प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की राख नहीं मिलाई जाती है। उधर, कंपनी ने शेयरधारकों को 33 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश देने का ऐलान किया। यह तीसरा अंतरिम लाभांश है। इसका भुगतान 22 दिसंबर 2017 या उसके बाद किया जाएगा।
|