श्रीलंका के प्रधानमंत्री को दक्षेस खत्म होने की आशंका | अर्चिस मोहन / नई दिल्ली October 05, 2016 | | | | |
भारत के दौरे पर आए श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने आज आशंका जताई कि सीमा पार आतंकवाद के डर के कारण दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) का अस्तित्व खत्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत व पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण दक्षेस पिछले कुछ वर्षों से दक्षेस का कामकाज ठप पड़ गया है और यह जल्द ही निष्प्रभावी हो सकती है।
तीन दिन के भारत दौरे पर आए विक्रमसिंघे ने कहा कि भारत को सीमा पार आतंक से निपटने की राह निकालने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया में भारत का विशिष्ट स्थान है और यह इस इलाके को बेहतर जगह बना सकता है, लेकिन यह भारत पर निर्भर है कि वह ऐसा करना चाहता है या इससे दूर हट जाता है। उन्होंने कहा, 'दक्षेस को दो मसलों पर फैसला करना है। सीमा पार आतंकवाद और ऐसे क्षेत्र जहां साथ मिलकर काम किया जा सकता है। अगर हम ऐसा नहींं करते हैं तो दक्षेस का कोई भविष्य नहीं है।' दक्षेस में 8 सदस्य हैं। इसकी 19वीं बैठक 9-10 नवंबर को इस्लामाबाद में होनी थी, लेकिन उड़ी में आतंकवादी हमले के बाद 5 सदस्यों ने इसका बहिष्कार कर दिया, जिससे बैठक टल गई।
|