ऐक्सिस बैंक कर्मचारियों की संख्या 10 फीसदी बढ़ाएगा | नुपुर आनंद / मुंबई February 24, 2016 | | | | |
देश में निजी क्षेत्र के तीसरे सबसे ऋणदाता ऐक्सिस बैंक ने नियुक्तियों का फैसला किया है। बैंक अगले वित्त वर्ष में अपने कर्मचारियों की संख्या में 10 फीसदी बढ़ोतरी करेगा। हालांकि पिछले दो ïवर्षों के दौरान बैंक ने कम नियुक्तियां की हैं। ऐक्सिस बैंक के समूह कार्याधिकारी राजेश के दहिया ने कहा कि बैंक ने अगले वित्त वर्ष में अपने कर्मचारियों की संख्या में 10 फीसदी बढ़ोतरी का फैसला किया है। उन्होंने कहा, 'हम अभी वित्त वर्ष 2015 में हैं, लेकिन जब वर्ष समाप्त होगा तब तक हम अपने कर्मचारियों की तादाद को करीब 5 फीसदी या इससे अधिक यानी 3,000 से 4,000 बढ़ा पाएंगे। हालांकि अगले साल हम बेहतर बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं, हम कर्मचारियों की संख्या में 10 फीसदी बढ़ोतरी कर सकते हैं।'
ऐक्सिस बैंक के कर्मचारियों की तादाद मार्च 2010 के अंत में 21,640 थी, जो अब बढ़कर 42,420 पर पहुंच गई है। लेकिन वर्ष 2014-15 में बैंक के अपनी शाखाओं की संख्या 2,402 से बढ़ाकर 2,589 करने के बावजूद कर्मचारियों की संख्या में कमी आई। मार्च 2014 से मार्च 2015 के बीच ऐक्सिस बैंक में कर्मचारियों की संख्या 190 घटी यानी 42,420 से घटकर 42,230 रह गई। दिसंबर 2015 के अंत में बैंक के कर्मचारियों की तादाद 47,876 थी।
पिछले वित्त वर्ष में प्रबंधन ने कहा था कि कर्मचारियों की तादाद में गिरावट इस वजह से आई है कि डिजिटल माध्यमों से होने वाले लेन-देन बढ़ रहे हैं, जिससे हर शाखा में आवश्यक कर्मचारियों की तादाद में कमी आ रही है। हालांकि दहिया का मानना है कि डिजिटल माध्यमों से लेन-देन बढऩे के बावजूद कर्मचारियों की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'हालांकि हम डिजिटल फुटप्रिंट की बातें करते हैं, लेकिन मानवीय शक्ति में भी इजाफा करना होगा। काफी रिक्तियां हैं, जिन्हें भरे जाने की जरूरत है। हम अगले साल कई शाखाएं शुरू करेंगे।'
|