सौर बिजली लक्ष्य हासिल होने योग्य | भाषा / सिडनी February 18, 2016 | | | | |
भारत का 100 गीगावाट सौर बिजली उत्पादन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य हासिल होने योग्य है और सरकार को भरोसा है कि वह अगले वित्त वर्ष के अंत तक 20,000 मेगावाट की क्षमता हासिल कर लेगी। नवीन एवं अक्षय ऊर्जा मंत्रालय के संयुक्त सचिव तरूण कपूर ने कहा, 'एक लाख मेगावाट का लक्ष्य महत्वाकांक्षी है, लेकिन इसे हासिल किया जा सकता है। मार्च अंत तक हमारी क्षमता करीब 6,500 मेगावाट की होगी और मार्च, 2017 तक यह 20,000 मेगावाट तक पहुंच जाएगी।' भारत ने 2022 तक अक्षय ऊर्जा स्रोतों से 175 गीगावाट बिजली उत्पादन क्षमता का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है जिसमें से 100 गीगावाट बिजली सौर ऊर्जा से पैदा होगी, जबकि 60 गीगावाट पवन ऊर्जा से पैदा होगी। उन्होंने कहा, 'अभी हम करीब 5,400 मेगावाट पर हैं, हर दिन एक या अन्य परियोजना चालू की जा रही है और क्षमता जोड़ी जा रही है। हमारा लक्ष्य नि:संदेह बहुत महत्वाकांक्षी है, लेकिन इसको लेकर हमारा संकल्प दृढ़ है और यह हासिल की जा सकती है।'
|