निवेश लुभाने की तैयारी में नौवहन मंत्रालय | विजय रॉय / नई दिल्ली August 05, 2015 | | | | |
विनिर्माण और डिजिटल इंडिया से आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार अब जहाजरानी क्षेत्र में बड़े निवेश की तैयारी कर रही है। सरकार घरेलू और विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कुछ परियोजनाओं पर काम कर रही है, जो बंदरगाह व जहाजरानी क्षेत्र की हैं। केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय ने अपने सभी विभागों से कहा है कि वे अपने संबंधित क्षेत्रों से परियोजनाओं की सूची पेश करें। इनमें से क्षमतावान परियोजनाओं को विदेश में रोड शो के जरिये दिखाया जाएगा, जिसके बाद फरवरी 2016 में मुंबई में मैरीटाइम इंडिया समिट 2016 करने की योजना बनाई गई है।
उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा, 'ऐसा पहली बार हो रहा है, जब हम भारत के साथ विदेश में रोड शो आयोजित कर रहे हैं, जिससे सम्मेलन में निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। जहाजरानी क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।' जहाजरानी मंत्रालय ने जलमार्ग प्राधिकरण, भारतीय नौवहन निगम और सभी बंदरगाहों से निवेश योग्य परियोजनाओं की सूची तैयार करने को कहा है। उम्मीद की जा रही है कि 100 से ज्यादा विस्तृत परियोजनाएं पेश की जाएंगी, जहां निवेश की संभावना है। इसमें सागरमला परियोजना से संबंधित बंदरगाह से जुड़े विकास और मेक इन इंडिया के तहत जहाजों के निर्माण की योजना शामिल है। इसके अलावा जलमार्ग, तटीट और क्रूज शिपिंग, विशेष कार्गो परिचालन और बंदरगाहों का मशीनीकरण की योजना शामिल है।
|