नंदन नीलेकणी की 380 पन्नों वाली किताब 'इमैजिनिंग इंडिया: आइडियाज फॉर दी न्यू सेंचुरी' के इस साल बेस्ट सेलर के रूप में दर्ज होने की पूरी संभावना है।
पेग्विंन इंडिया ने इस किताब का प्रकाशन किया है। इस किताब की खास बात यह है कि इन्फोसिस टेक्नोलॉजीज के सह संस्थापक और इस किताब के लेखक नंदन नीलेकणी ने पहली बार कोई किताब लिखी है। यह किताब 24 नवंबर को बाजार में आ रही है लेकिन बाजार में आने से पहले ही यह किताब बेस्टसेलर बन चुकी है।
प्रकाशन उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस किताब को लेकर लोगों की उत्सुकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस किताब की 4000-5000 प्रतियों के लिए कंपनी को पहले से ही ऑर्डर दे दिया गया है। पेंग्विन इंडिया के एलेन लेन इमप्रिंट को इस किताब की 40,000 प्रतियों का शुरुआती प्रिंट ऑर्डर मिलने की संभावना है।
इंडियाप्लाजा डॉट कॉम की वेबसाइट पर इस किताब के लिए ऑनलाइन ऑर्डर भी दिए जा सकते हैं। अब तक इस किताब के लिए लगभग 1000-1,200 बुकिंग हुई है और 30 फीसदी की छूट भी दी जा रही है। इस किताब की कीमत है 699 रुपये।
एक बड़े बुकशॉप चेन क्रॉसवर्ड्स के एक अधिकारी का कहना है, 'मैं जानता हूं कि दिल्ली और मुंबई के सभी बड़ी बुक शॉप ने बहुत बड़े पैमाने पर ऑर्डर दे रखे हैं। इसके अलावा कई शिक्षण संस्थानों ने भी पेंग्विन को ऑर्डर दे रखा होगा।'इस साल की शुरुआत में पेग्विन इंडिया ने अमिताभ घोष की किताब, 'सी ऑफ पॉपीज' का प्रकाशन किया था।
इसकी 32,000 प्रतियां बिक चुकी है और अब भी इसकी मांग ज्यादा है। पेंग्विन के कई सूत्रों का मानना है कि नीलेक णी की किताब की मांग को देखते हुए ऐसा लगता है कि यह घोष की किताब को पीछे छोड़ देगी।
पेंग्विन इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है, 'हम किताब की संख्या नहीं बता सकते क्योंकि यही हमारी नीति है। लेकिन हाल के दिनों में छपी हमारी किताबों में यह मांग और छपाई के लिहाज से सबसे बड़ी किताब जरूर होगी।'
एक दूसरी प्रकाशन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक नीलेक णी के लिए इमैजिनिंग इंडिया किताब भी उनकी सफलता का एक हिस्सा बनेगी यह किताब 16-60 साल के उम्र तक के लोगों को बहुत पसंद आएगी।'
दरअसल इंप्रिट अलग-अलग शैली में लिखी गई किताबों का वर्गीकरण है जो कई बड़े प्रकाशक अपनी छापी हुई किताबों इस आधार पर रखते हैं। एलेन लेन इंप्रिंट की किताब विचारों पर आधारित है जैसे कि गुरूचरन दास और मेघना देसाई की किताब।
पेंग्विन प्रोफाइल भी ऐसा ही इंप्रिंट है जो मैनेजमेंट और बिजनेस से जुड़ी किताबों के बारे में जानकारी देता है।
इमैजिनिंग इंडिया:आइडियाज फॉर दी न्यू सेंचुरी, किताब में पाठकों को एक ऐसे विचार से रूबरू होने का मौका मिलेगा जिससे आधुनिक भारत को बनाने में मदद मिलेगी।
इस किताब में आपको भारत के इतिहास, वर्तमान और भविष्य के मौलिक परिप्रेक्ष्य से रूबरू होने का मौका मिलेगा। नीलेक णी इस किताब के प्रोमोशन के लिए छह शहरों की यात्रा करेंगे जो दिल्ली से शुरू होगी। यह यात्रा 2009 के जनवरी-मार्च में होगी और इस दौरान नीलकेणी अमेरिका भी जाएंगे।
लेखन के क्षेत्र में तो नीलेकणी पहली बार उतरे हैं। लेकिन नीलेकणी की पहचान तो सबसे युवा उद्यमी के तौर पर किया जाता है जिन्हें वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम फाउंडेशन बोर्ड में शामिल होने का मौका मिलता रहा है।
टाइम मैगजीन ने नीलेकणी को दुनिया के 100 सबसे प्रभावी लोगों में शामिल किया है। इसके अलावा नीलेकणी सक्रिय तौर पर नैसकॉम, आईआईटी मुंबई, नेशनल नॉलेज कमीशन और नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च इंस्टीटयूट इन इंडिया से भी जुड़े रहे हैं।