बाजार

Upcoming Stock Split: अगले हफ्ते ये 2 कंपनियां बांटने जा रही हैं अपने शेयर, छोटे निवेशकों को होगा फायदा

अगले हफ्ते 26 मई को F Mec और IB Infotech कंपनियां अपने शेयर बांटने जा रही हैं, जिससे छोटे निवेशकों को कम कीमत में शेयर खरीदने का मौका मिलेगा

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- May 23, 2026 | 12:31 PM IST

निवेशकों और शेयर बाजार में दिलचस्पी रखने वालों के लिए अगला हफ्ता काफी हलचल भरा रहने वाला है। अगर आप भी शेयरों की खरीद-फरोख्त करते हैं, तो दो कंपनियों पर पैनी नजर बनाकर रखिएगा। भारतीय शेयर बाजार में लिस्टेड दो कंपनियां अगले हफ्ते अपने निवेशकों को स्टॉक स्प्लिट (Stock Split) यानी शेयरों को बांटने जा रही हैं। स्टॉक स्प्लिट की यह प्रक्रिया मंगलवार, 26 मई 2026 को पूरी होने जा रही है।

आसान शब्दों में कहें तो स्टॉक स्प्लिट का मतलब किसी कंपनी के एक शेयर को कई हिस्सों में बांटना होता है। जिन दो कंपनियों के शेयरों का बंटवारा होने जा रहा है, उनमें F मेक इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (F Mec International Financial Services Ltd) और IB इन्फोटेक एंटरप्राइजेस लिमिटेड (IB Infotech Enterprises Ltd) के नाम शामिल हैं। आइए जानते हैं कि इन दोनों कंपनियों में शेयरों के बंटवारे का पूरा हिसाब-किताब क्या है।

जानिए स्टॉक स्प्लिट का पूरा गणित और रिकॉर्ड डेट

इस लिस्ट में पहली कंपनी F मेक इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड है, जिसका सिक्योरिटी कोड 539552 है। कंपनी के बोर्ड ने फैसला किया है कि वह अपने 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले एक शेयर को 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में बांट देगी। यानी अगर आपके पास इस कंपनी का 1 शेयर है, तो वह स्प्लिट के बाद 5 शेयर बन जाएगा।

Also Read: LIC के मार्जिन में तगड़ा सुधार, शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ा; ब्रोकर्स ने दी ‘BUY’ रेटिंग

दूसरी कंपनी IB इन्फोटेक एंटरप्राइजेस लिमिटेड है, जिसका सिक्योरिटी कोड 519463 है। यह कंपनी और भी बड़ा धमाका कर रही है। कंपनी अपने 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले एक शेयर को सीधे 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में सब-डिवाइड करने जा रही है। इसका मतलब है कि रिकॉर्ड डेट तक इस कंपनी का 1 शेयर रखने वाले निवेशक के पास अब बढ़कर 10 शेयर हो जाएंगे।

इन दोनों ही कंपनियों के लिए ‘एक्स-डेट’ और ‘रिकॉर्ड डेट’ एक ही दिन यानी 26 मई 2026 तय की गई है। इसका सीधा मतलब यह है कि जो निवेशक 26 मई 2026 या उससे पहले इन कंपनियों के शेयर अपने डीमैट अकाउंट में रखेंगे, केवल वही इस स्टॉक स्प्लिट के फायदे के हकदार माने जाएंगे।

कंपनियां क्यों करती हैं स्टॉक स्प्लिट

मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, अक्सर कंपनियां ऐसा तब करती हैं जब उनके शेयरों की कीमत बहुत ज्यादा बढ़ जाती है और छोटे निवेशकों के बजट से बाहर होने लगती है। शेयरों का बंटवारा होने से बाजार में शेयरों की संख्या बढ़ जाती है और उनकी कीमत कम हो जाती है, जिससे आम रिटेल निवेशकों के लिए इन्हें खरीदना काफी आसान हो जाता है। हालांकि, इससे कंपनी के कुल मार्केट कैप पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

First Published : May 23, 2026 | 12:31 PM IST