बाजार

Electrical Stock: ₹25,000 तक जा सकता है ये स्टॉक! रिकॉर्ड ऑर्डर के चलते मिलेगी नई रफ्तार

Antique और Nuvama ने दी BUY रेटिंग, ₹25,000 तक टारगेट; लेकिन Motilal Oswal ने SELL कहा, बताया वैल्यूएशन महंगा

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 31, 2025 | 3:02 PM IST

Hitachi Energy इंडिया ने जून तिमाही (Q1FY26) में मिले-जुले नतीजे पेश किए हैं। एक तरफ कंपनी को रिकॉर्ड स्तर के नए ऑर्डर मिले हैं, तो दूसरी ओर कुछ विश्लेषकों को इसकी डिलीवरी और प्रॉफिटेबिलिटी में उम्मीद से कम सुधार नजर आया। इसी वजह से इस स्टॉक पर ब्रोकरेज हाउसों की राय बंट गई है।

Antique Stock Broking और Nuvama Institutional Equities का मानना है कि यह स्टॉक भविष्य में दमदार रिटर्न दे सकता है और उन्होंने इसे BUY रेट किया है। लेकिन Motilal Oswal को कंपनी का प्रदर्शन औसत नजर आया और उन्होंने इसे SELL की रेटिंग दी है। आइए तीनों ब्रोकरेज की राय विस्तार से समझते हैं।

Hitachi Energy: Antique Stock Broking – ऑर्डर बुक दमदार, टारगेट ₹25,033

Antique का मानना है कि कंपनी का Q1FY26 प्रदर्शन भले ही मिलाजुला रहा हो, लेकिन इसके पीछे छिपी ग्रोथ स्टोरी बेहद मजबूत है। कंपनी ने इस तिमाही में ₹1,134 करोड़ के नए ऑर्डर बुक किए, जो पिछले साल की तुलना में 365% की भारी ग्रोथ है। इसकी कुल ऑर्डर बुक अब ₹2,910 करोड़ तक पहुंच गई है। मार्जिन के मोर्चे पर भी सुधार दिखा है – EBITDA मार्जिन 10.5% रहा, जो पिछली तिमाही से बेहतर है। Antique को भरोसा है कि आने वाले समय में कंपनी को HVDC, हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट्स और डेटा सेंटर जैसे सेगमेंट से काफी काम मिलेगा।

FY26 से FY28 के बीच कंपनी का मार्जिन और ऑर्डर डिलिवरी बेहतर होने की उम्मीद है। इसी आधार पर Antique ने स्टॉक पर ₹25,033 का टारगेट प्राइस देते हुए BUY की सलाह दी है। मौजूदा कीमतों से यह लगभग 50% का संभावित रिटर्न दिखाता है।

यह भी पढ़ें: सिर्फ ₹108 पर मिल रहा सरकारी बैंक शेयर, Motilal Oswal ने दी ‘Buy’ रेटिंग; कहा- ₹130 तक जा सकता है भाव

Hitachi Energy Nuvama Institutional Equities – ग्रोथ में तेजी की उम्मीद, टारगेट ₹24,000

Nuvama की रिपोर्ट भी Hitachi की लॉन्ग टर्म रणनीति पर भरोसा जताती है। उनके अनुसार कंपनी भारत के ट्रांसमिशन सेक्टर में बदलाव की अगुआई कर सकती है, खासकर ग्रीन एनर्जी और HVDC प्रोजेक्ट्स के जरिए। नुवामा का अनुमान है कि FY25 से FY28 तक कंपनी की बिक्री 43% की सालाना दर से बढ़ सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सरकार हर साल 2 HVDC प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे सकती है, जिससे कंपनी के पास ऑर्डर फ्लो की कोई कमी नहीं होगी। Nuvama का मानना है कि कंपनी का फोकस मैन्युफैक्चरिंग विस्तार पर भी है, जिससे इसकी स्केलेबिलिटी बढ़ेगी। इसी वजह से उन्होंने स्टॉक पर ₹24,000 का टारगेट दिया है और BUY रेटिंग बरकरार रखी है, यानी लगभग 40% का संभावित अपसाइड।

यह भी पढ़ें: IndiGo Share: ₹6,900 तक उड़ान भर सकता है इंडिगो का शेयर! ब्रोकरेज हाउसेज को H2 में दिख रही रफ्तार

Motilal Oswal – वैल्यूएशन महंगा, टारगेट ₹16,500

Motilal Oswal का नजरिया थोड़ा सतर्क है। उनकी रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत होने के बावजूद इसका प्रदर्शन अन्य ट्रांसमिशन कंपनियों की तुलना में कमजोर है। खासकर Execution की स्पीड और मार्जिन में उतना सुधार नहीं दिखा, जितना बाजार उम्मीद कर रहा था। मोतीलाल का मानना है कि Hitachi का वैल्यूएशन फिलहाल ऊंचा है और कंपनी की वर्तमान डिलीवरी उस प्राइसिंग को जस्टिफाई नहीं कर रही। इस कारण उन्होंने स्टॉक पर ₹16,500 का टारगेट देते हुए SELL की सिफारिश की है, यानी करीब 21% की गिरावट की आशंका।

First Published : July 31, 2025 | 3:02 PM IST