आईपीओ

Upcoming IPO: प्राइमरी मार्केट में लौटी रौनक, इस हफ्ते आ रहे हैं 5 नए IPO; निवेशकों के लिए बड़ा मौका

बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच इस हफ्ते दो मेनबोर्ड और तीन SME समेत 5 नए IPO खुलने जा रहे हैं, जो निवेशकों को कमाई का बड़ा मौका देंगे

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- May 31, 2026 | 4:34 PM IST

Upcoming IPOs This week: वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव और बाजार में उतार-चढ़ाव की वजह से पिछले कुछ हफ्तों से जो IPO मार्केट पूरी तरह शांत पड़ा था, उसमें अब एक बार फिर जोरदार हलचल शुरू होने वाली है। यह नया हफ्ता उन निवेशकों के लिए बेहद खास होने जा रहा है जो प्राइमरी मार्केट में पैसे लगाकर कमाई का मौका तलाश रहे हैं। इस हफ्ते प्राइमरी मार्केट में एक-दो नहीं बल्कि पूरे पांच IPO दस्तक देने के लिए तैयार हैं, जिनमें दो बड़े मेनबोर्ड IPO और तीन छोटे व मध्यम आकार की कंपनियों (SME) के IPO शामिल हैं, जो सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे।

दरअसल, साल 2026 में अब तक का IPO मार्केट काफी ठंडा और सुस्त रहा है। हालांकि इस बीच कई कंपनियों को रेगुलेटर से बाजार में आने की मंजूरी भी मिल चुकी थी, लेकिन शेयर बाजार के बदलते मिजाज और भारी उतार-चढ़ाव को देखते हुए ज्यादातर कंपनियों ने अपने IPO की लॉन्चिंग को आगे के लिए टाल दिया था। लेकिन अब बाजार का मूड बदलते ही प्राइमरी मार्केट एक बार फिर रफ्तार पकड़ने को तैयार है और निवेशकों को निवेश के कई बेहतरीन विकल्प मिलने वाले हैं।

मेनबोर्ड सेगमेंट में खुलेंगे ये दो बड़े IPO

इस हफ्ते मेनबोर्ड सेगमेंट में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए दो बड़ी कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं:

1. CMR ग्रीन टेक्नोलॉजीज IPO (CMR Green Technologies IPO)

यह IPO 3 जून को खुलकर 5 जून को बंद होगा। कंपनी ने इसके लिए 182 रुपये से 192 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस पब्लिक इश्यू के जरिए कंपनी का लक्ष्य बाजार से 630.9 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर ‘इक्विइरस कैपिटल’ (Equirus Capital) हैं, जबकि ‘केफिन टेक्नोलॉजीज’ (Kfin Technologies) को इसका रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

2. हेक्सागन न्यूट्रिशन IPO (Hexagon Nutrition IPO)

हेक्सागन न्यूट्रिशन का IPO 5 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और निवेशक इसमें 9 जून तक दांव लगा सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए 42 से 45 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। इस IPO के जरिए कंपनी 3.09 करोड़ शेयरों के ऑफर फॉर सेल (OFS) के माध्यम से 138.9 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। ‘क्यूम्युलेटिव कैपिटल’ (Cumulative Capital) इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं और ‘केफिन टेक्नोलॉजीज’ इसके रजिस्ट्रार हैं।

Also Read: Upcoming IPO: निवेशक पैसा रखें तैयार! SEBI ने रोडेक फार्मा और रेनी स्ट्रिप्स समेत 3 IPO को दी हरी झंडी

निवेशकों के लिए 3 SME IPO भी लिस्ट में

मेनबोर्ड कंपनियों के अलावा छोटे और मध्यम आकार के बिजनेस सेगमेंट (SME) में भी तीन कंपनियां अपना दांव आजमाने आ रही हैं:

1. मैरीट्रोनिक्स IPO (Merritronix IPO)

मैरीट्रोनिक्स का IPO 1 जून को खुलेगा और 3 जून को बंद हो जाएगा। यह 70.03 करोड़ रुपये का बुक-बिल्ट इश्यू है, जो पूरी तरह से 0.47 करोड़ इक्विटी शेयरों के फ्रेश इश्यू (नए शेयर) पर आधारित है। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 141 रुपये से 149 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस इश्यू का प्रबंधन ‘GYR कैपिटल एडवाइजर्स’ कर रहे हैं और ‘बिगशेयर सर्विसेज’ इसके रजिस्ट्रार हैं।

2. वाह केमिकल्स IPO (Vahh Chemicals IPO)

यह 13.45 करोड़ रुपये का एक फिक्स्ड-प्राइस इश्यू है, जिसमें पूरी तरह से 0.22 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। यह IPO निवेश के लिए 4 जून को खुलेगा और 8 जून को बंद होगा। ‘मारवाड़ी चंदरना इंटरमीडिएरीज ब्रोकर्स’ इसके बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि ‘केफिन टेक्नोलॉजीज’ रजिस्ट्रार की भूमिका निभा रहे हैं।

3.जेनक्साई एनालिटिक्स IPO (Genxai Analytics IPO)

जेनक्साई एनालिटिक्स का IPO 5 जून, 2026 को खुलेगा और 9 जून, 2026 को बंद होगा। यह 54.84 करोड़ रुपये का बुक-बिल्ट ऑफर है, जिसमें पूरी तरह से 0.47 करोड़ नए इक्विटी शेयर पेश किए जाएंगे। इसके लिए प्राइस बैंड 110 रुपये से 116 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। ‘चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स’ इसके बुक रनिंग लीड मैनेजर और ‘बिगशेयर सर्विसेज’ रजिस्ट्रार हैं।

शेयर बाजार में इन 5 कंपनियों की होगी नई एंट्री

नए IPO में पैसे लगाने के मौके के साथ-साथ इस हफ्ते उन निवेशकों की किस्मत का भी फैसला होगा जिन्होंने हाल ही में आए IPO में दांव लगाया था। इस हफ्ते BSE SME प्लेटफॉर्म पर पांच कंपनियों के शेयरों की लिस्टिंग होने जा रही है:

  • एम आर मणिवेणी फूड्स IPO (M R Maniveni Foods IPO): इस कंपनी के शेयर 1 जून को बाजार में लिस्ट होंगे।
  • SMR ज्वेल्स IPO (SMR Jewels IPO): इसकी लिस्टिंग भी 1 जून को ही होने जा रही है।
  • याशवी ज्वेलर्स IPO (Yaashvi Jewellers IPO): इस कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग के लिए 2 जून की संभावित तारीख (Tentative Date) तय की गई है।
  • राजनंदिनी फैशन इंडिया IPO (Rajnandini Fashion India IPO): इसके शेयर 3 जून, 2026 को बाजार में कदम रख सकते हैं।
  • ऑरेट ट्रेड IPO (Aureate Tradde IPO): इस कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 5 जून को होने की संभावना है।
First Published : May 31, 2026 | 4:23 PM IST