Sat, सितंबर 26, 2026 | ई-पेपर

Switch to English Website

Sensex (73,895.74)

+315.20 (+0.43%) ट्रेंड

होम / बाजार / जिंस / Gold-Silver Outlook: सोना-चांदी में गिरावट जारी, अगले हफ्ते कैसी रहेगी चाल? एक्सपर्ट्स ने दी राय

Gold-Silver Outlook: सोना-चांदी में गिरावट जारी, अगले हफ्ते कैसी रहेगी चाल? एक्सपर्ट्स ने दी राय

Gold-Silver Outlook: अमेरिका-ईरान संघर्ष में ताजा तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और महंगाई के आंकड़ों पर निवेशकों की नजर के बीच अगले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। विश्लेषकों ने यह…

मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड की ऊंची यील्ड भी सोने पर दबाव डाल रही हैं। (प्रतीकात्मक फोटो)

Last Updated: 12 जुलाई 2026 | 8:05 PM IST

Gold-Silver Outlook: अमेरिका-ईरान संघर्ष में ताजा तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और महंगाई के आंकड़ों पर निवेशकों की नजर के बीच अगले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। विश्लेषकों ने कहा कि कीमती धातुओं में फिलहाल गिरावट का रुख कायम रह सकता है। उन्होंने कहा कि महंगाई के आंकड़े वैश्विक ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों को प्रभावित कर सकते हैं।

पश्चिम एशिया में तनाव से बढ़ी चिंता

पश्चिम एशिया में ताजा तनाव से एक बार फिर वैश्विक बाजारों में चिंता बढ़ गई है। ईरान ने हाल में कहा था कि उसने एक ऐसे जहाज को निशाना बनाया जो उसकी मंजूरी के बिना मार्ग से गुजर रहा था। इसके बाद उसने होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की घोषणा की। इसके बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात , कुवैत और बहरीन में अमेरिका से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया।

Also Read: SIF बना रॉकेट: जून में निवेश 171% उछला, हाइब्रिड स्ट्रैटेजीज की AUM में 72% हिस्सेदारी

सोने और चांदी में गिरावट का दौर जारी

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रसिडेंट (कमोडिटीज एंड करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा, “सोने और चांदी में फिलहाल गिरावट और ‘करेक्शन’ का दौर जारी है। अब बाजार का ध्यान फिर से अमेरिका-ईरान संघर्ष पर रहेगा। यदि तनाव काफी बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आ सकती है और अमेरिकी डॉलर तथा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड जैसे सुरक्षित निवेश विकल्प मजबूत होंगे।”

उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा बाजार भारत, यूरोपीय संघ (ईयू) और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों पर भी नजर रखेगा, जिससे प्रमुख वैश्विक केंद्रीय बैंकों की मौद्रिक नीति की दिशा को लेकर संकेत मिल सकेंगे।

सोना ₹3,900, चांदी ₹14,746 टूटी

घरेलू बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त में सप्लाई वाले सोने का वायदा भाव सप्ताह के दौरान 3,900 रुपये यानी 2.65 फीसदी की गिरावट के साथ 1.43 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, सितंबर अनुबंध वाली चांदी 14,746 रुपये यानी 6.2 फीसदी टूटकर 2.22 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

Also Read: MCap: बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच HDFC Bank व Airtel की चमकी किस्मत, हिंदुस्तान यूनिलीवर को झटका

हर उछाल पर हुई मुनाफावसूली

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रसिडेंट और रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटीज एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ”सोने के लिए एक और कमजोर सप्ताह रहा। मजबूत अमेरिकी डॉलर, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदों के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई, जिससे सोने में दो फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई।”

उन्होंने कहा कि बीच-बीच में सुधार की कोशिशों के बावजूद सर्राफा कीमतें तेजी को बनाए रखने में विफल रहीं और हर उछाल पर निवेशकों ने मुनाफावसूली की।

Also Read: Upcoming NFO: पैसा रखिए तैयार! अगले हफ्ते खुलेंगे 4 नए फंड, जानें किस स्कीम में क्या है खास?

रुपये का सहारा, वैश्विक दबाव भारी

त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय रुपये में मामूली गिरावट से MCX सोने को सीमित समर्थन मिला, लेकिन वैश्विक बाजार में कमजोर रुख ने इसके प्रभाव को काफी हद तक संतुलित कर दिया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में न्यूयॉर्क में कॉमेक्स सोना वायदा 12 डॉलर यानी 0.3 फीसदी की गिरावट के साथ 4,113.7 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं, चांदी 1.5 फीसदी की गिरावट के साथ 60.16 डॉलर प्रति औंस रह गई।

विश्लेषकों ने कहा कि बाजार भागीदार अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत दिशा के संकेतों के लिए खुदरा बिक्री, हाउसिंग सेक्टर के आंकड़ों और साप्ताहिक बेरोजगारी दावों सहित कई प्रमुख अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published - जुलाई 12, 2026 | 8:05 PM IST

Advertisement

Advertisement