मोदी कैबिनेट की बैठक में आज कई बड़े मुद्दे पर फैसला लिया गया। सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को जुलाई 2022 के लिए महंगाई भत्ते बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अब केन्द्र सरकार के कर्मचारियों का भत्ता बढ़कर 38 प्रतिशत हो गया। दीपावली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों के लिए यह एक बड़ा तोहफा है।
अब 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता
केन्द्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 34 प्रतिशत से बढ़ाकर अब 38 प्रतिशत कर दिया गया है। कर्मचारियों को इसका फायदा जुलाई 2022 से ही मिलेगा। सभी केंद्रीय कर्मचारियों को 2 महीने का DA Arrear भी दिया जाएगा। केन्द्रीय कर्मियों के साथ साथ केन्द्र सरकार से पेंशन प्राप्त कर रहे सेवानिवृत लोगों का भी महंगाई भत्ता बढ़ाया जाएगा। सरकार के इस फैसले का लाभ 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 62 लाख पेंशन पा रहे लोगों को फायदा मिलेगा।
दिसंबर तक मिलेगा मुफ्त राशन
सरकार ने मुफ्त राशन यानी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को बढ़ाकर दिसंबर तक करने का फैसला लिया है। सरकार के इस फैसले का लाभ लगभग 80 करोड़ लोगों को मिलेगा। दिसंबर तक मुफ्त राशन देने के निर्णय के बाद सरकारी खजाने पर 40,000 करोड़ तक का बोझ आएगा। मुफ्त राशन योजना की शुरुआत कोरोना महामारी और लॉकडाउन के समय शुरू की गई थी। उसके बाद सरकार द्वारा कई बार इसे बढ़ाया जा चुका है।
रेलवे का होगा पुनर्विकास
कैबिनेट की बैठक में आज रेलवे की कई परियोजना पर मुहर लगाया गया। सरकार की योजना कई छोटे-बड़े स्टेशनों के पुनर्निर्माण करने की है। इसके साथ साथ पिछले कई साल से बंद रेलवे परियोजना को दोबारा शुरू करने पर काम किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार इसके अलावा कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों के बोनस को भी मंजूरी दी है। इसका लाभ 11 लाख से अधिक रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा।