एचसीएल टेक्नोलॉजीज की रोशनी नाडर मल्होत्रा, बायोकॉन की किरण मजूमदार-शॉ और यूएसवी की लीना गांधी तिवारी ने भारत की सबसे अमीर महिलाओं की सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। कोटक वेल्थ हुरुन-लीडिंग वेल्थ वीमन के दूसरे संस्करण की इस रिपोर्ट का संकलन कोटक महिंद्रा बैंक के अनुभाग-कोटक वेल्थ मैनेजमेंट और हुरुन इंडिया द्वारा किया गया है।
इस सूची में शॉ अपनी मेहनत से सफल होने वाली सबसे धनी महिला हैं। सूची में आठ सर्वाधिक धनी महिलाओं के अलावा 38 ऐसी महिलाएं हैं जिनकी संपत्ति 1,000 करोड़ रुपये या उससे अधिक है। यह सूची इन महिलाओं के पास उपलब्ध 30 सितंबर, 2020 तक की शुद्ध संपत्ति पर आधारित है और इसे विशेष रूप से उन महिलाओं पर केंद्रित किया गया है जो उद्यमों, व्यवसायों और अपने पारिवारिक कारोबार में सक्रिय भूमिका निभाती हैं।
इस सूची में शामिल महिलाओं की औसत संपत्ति लगभग 2,725 करोड़ रुपये है। इस रैंकिंग की सीमा 100 करोड़ रुपये है। इस सूची में से 19 महिलाएं हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2020 में भी शामिल हैं और छह महिलाओं ने हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2020 में भी जगह बनाई है।
कोटक महिंद्रा बैंक की मुख्य कार्याधिकारी (संपत्ति प्रबंधन) ओ दास ने कहा कि यह रिपोर्ट देश भर के विभिन्न शहरों और नगरों के आसपास तथा विभिन्न प्रकार के उद्योग में ज्यादा से ज्यादा पथप्रदर्शन और सफलता की कहानियां लिखने वाली महिलाओं की दिलचस्प और प्रेरणादायक प्रवृत्ति का खुलासा करती है। भारत के लिए वर्ष 2025 तक पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का अपना आकांक्षापूर्ण लक्ष्य प्राप्त करने में महिलाएं धन सृजक के रूप में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।
इस सूची में शामिल अपनी मेहनत से कामयाब होने वाली 31 महिलाओं में से छह पेशेवर प्रबंधक हैं और 25 उद्यमी हैं। सूची में शामिल छह महिला उद्यमी स्टार्ट-अप इकोसिस्टम से है। इनमें से दो ने अपनी कंपनियों को यूनिकॉर्न बना दिया है। ये हैं-नायिका की फाल्गुनी नायर और बायजूस (थिंक ऐंड लर्न) की दिव्या गोकुलनाथ। सूची में 19 महिलाएं ऐसी हैं जिनकी उम्र 40 या इससे कम है। जेटसेटगो की कनिका टेकरीवाल, यूनिवर्सल स्पोट्र्सबिज की अंजना रेड्डी और सन फार्मा की विधि शांघवी इस सूची में सबसे कम उम्र वाली महिलाएं हैं।
सूची में 25 प्रतिशत योगदान के साथ फार्मास्युटिकल, कपड़ा, परिधान और सहायक उपकरणों का बोलबाला रहा। इसके बाद क्रमश: नौ और आठ प्रतिशत के साथ स्वास्थ्य देखभाल और वित्तीय सेवाओं की हिस्सेदारी रही। सूची में 32 महिलाओं के साथ मुंबई पहले पायदान पर रहा जिसके बाद नई दिल्ली (20) और हैदराबाद (10) का स्थान रहा। सूची में शामिल 15 फीसदी महिलाएं गैर-महानगरों से हैं। इस सूची की चार महिलाओं ने हुरुन इंडिया परोपकार सूची-2020 में जगह बनाई है।
हुरुन इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य अनुसंधानकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा, ‘इस सूची में शामिल महिलाएं भारत की सबसे सफल अग्रणी महिलाएं हैं। उनकी कहानियां साझा और पढ़े जाने लायक हैं। ऐसा क्या है जो उन्हें सफल बनाता है? उन्होंने यह कैसे किया? मुझे उम्मीद है कि यह सूची और ज्यादा महिलाओं को उद्यमी बनने, कारोबार चलाने या कंपनियों का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित कर सकती है।’
