महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री अशोक चव्हाण राज्य के नए मुख्यमंत्री के रुप में शपथ लेंगे। केंद्रीय विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने दिल्ली में अशोक चव्हाण के नाम की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
प्रणव मुखर्जी ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए अशोक चव्हाण के नाम पर अपनी मुहर लगाई।
उल्लेखनीय है विलासराव देशमुख के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए अशोक चव्हाण और महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे प्रमुख दावेदार थे, जिसमें चव्हाण ने बाजी मार ली।
साथ ही दूसरी ओर छगन भुजबल को महाराष्ट्र का उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा राकांपा अध्यक्ष शरद पवार द्वारा की गई है। ऐसे में आज शाम को राजभवन में चव्हाण और भुजबल को पद की गोपनीयता और शपथ दिलाई जाएगी।
