अंतरराष्ट्रीय

वियतनाम भारतीयों के लिए शुरू कर सकता है वीजा फ्री एंट्री

भारत से वियतनाम जाने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- November 20, 2023 | 7:08 PM IST

भारत के लोग जल्द ही वियतनाम बिना वीजा के जा पाएंगे। साउथ ईस्ट एशिया में श्रीलंका और थाईलैंड के बाद वियतनाम तीसरा देश होगा जहां भारतीयों को वीजा फ्री एंट्री मिलेगी।

लोकल न्यूज एजेंसी वीएनएक्सप्रेस के अनुसार, वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्री गुयेन वान हंग ने चीन और भारत जैसे प्रमुख बाजारों के लिए शॉर्ट टर्म वीजा वेवर देने की मांग की है। ऐसा करने से वियतनाम के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वियतनाम इस साल के पहले दस महीनों में लगभग 1 करोड़ अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों को आकर्षित करने में सफल रहा है, जो 2022 की इसी अवधि की तुलना में 4.6 गुना अधिक है। हालांकि, यह अभी भी 2019 के स्तर से काफी कम है, जब वियतनाम ने 18.5 मिलियन अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों को आकर्षित किया था।

वियतनाम के लिए भारत एक महत्वपूर्ण बाजार है। 2022 में, भारत से लगभग 3 लाख भारतीय वियतनाम गए।

यदि वियतनाम भारत के लिए वीजा फ्री एंट्री प्रदान करता है, तो इससे भारत से वियतनाम जाने वाले पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे वियतनाम के पर्यटन उद्योग को और बढ़ावा मिलेगा।

भारतीयों के लिए अन्य वीजा फ्री देश

श्रीलंका, थाईलैंड के अलावा भारतीय कुक आईलैंड, फ़िजी, माइक्रोनेशिया, नियू, वनुआटू, ओमान, कतर, बारबाडोस, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड, डोमिनिका, ग्रेनेडा, हैती, जमैका, मोंटेसेराट, किट्स एंड नेविस, विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइंस, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, भूटान, कजाखस्तान, मकाओ, नेपाल, अल साल्वाडोर, मॉरीशस, सेनेगल, ट्यूनीशिया बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं।

First Published : November 20, 2023 | 7:07 PM IST