भारत

Paytm और UPI से भरें चालान, ट्रैफिक चालान भरने के लिए पेमेंट ऐप पर सुविधा शुरू

साल 2023 में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की तरफ से 14 लाख चालान का भुगतान किया गया।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 31, 2023 | 1:15 PM IST

बढ़ते डिजिटल पेमेंट के दौर में अब ट्रैफिक पुलिस ने भी डिजिटल होने का रास्ता अपना लिया है। एक ओर जहां सरकार डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दे रही है वहीं पूरे देश में डिजिटल पेमेंट्स का बोलबाला है। इसी कड़ी में एक कदम बढ़ाया है गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने.. गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस चालान के लिए ऑनलाइन पेमेंट एक्सेप्ट करना शुरू कर चुकी है।

किसी भी ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने पर अब UPI और Paytm जैसे पेमेंट्स प्लेटफॉर्म के जरिए चालान का भुगतान किया जा सकेगा। गुरुग्राम पुलिस का मानना है कि पेंडिंग ट्रैफिक चालान को निपटाने के लिए डिजिटल भुगतान सबसे आसान तरीका है।

इस बारे में डीसीपी ट्रैफिक वीरेंद्र विज ने घोषणा करते हुए कहा कि गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में लोग अब किसी भी लेनदेन के लिए नकद भुगतान के बजाय डिजिटल पेमेंट को प्राथमिकता देते हैं।

ऐप भी किया था शुरू

इससे पहले भी गुरुग्राम पुलिस ने ऑनलाइन चालान का भुगतान करने के लिए एक ऐप लॉन्च किया था, जिसके माध्यम से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोग चालान का पेमेंट कर सकते हैं।

हाल ही में गुरुग्राम पुलिस ने जो आंकड़े बताए हैं उसके अनुसार इस साल यानी साल 2023 में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की तरफ से 14 लाख चालान का भुगतान किया गया। सिटी पुलिस को जुर्माने के रूप में कुल 31 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है।

कैसे करें ऑनलाइन चालान का भुगतान

पेटीएम जैसे ऐप के जरिए ट्रैफिक चालान आसानी से भुगतान किया जा सकता है। हालांकि पुलिस और जिम्मेदारर लोगों की सलाह तो हमेशा यही रहती है कि नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाए जिससे कि कोई चालान भरने की नौबत ही न आए, और यातायात तो सुरक्षित कायम रखा जा सके।

फिर भी अगर किसी को चालान का भुगतान करना है तो पेटीएम मोबाइल एप्लिकेशन खोलने के बाद, यूजर को रिचार्ज और बिल भुगतान ऑप्शन पर जाना होगा। यहां अलग-अलग ट्रैफिक पुलिस विभागों के लिए अलग-अलग उप-धाराओं के साथ चालान नाम से एक सेक्शन दिया गया है। इस धारा में अब गुरुग्राम पुलिस को भी जोड़ दिया गया है।

एक बार पुलिस विभाग का चयन करने के बाद यूजर भुगतान की जाने वाली राशि की जांच करने से पहले चालान की डिटेल्स जैसे चालान नंबर या आईडी और वाहन रजिस्ट्रेशन डिटेल्स भर सकता है।

भुगतान करते समय यूजर अब डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के अलावा पेटीएम वॉलेट, पेटीएम पोस्टपेड या यूपीआई जैसे ऑप्शंस भी अवेलेबल हैं।

First Published : December 31, 2023 | 1:15 PM IST