वित्त-बीमा

डिजिटल पर्सनल लोन में NBFCs की हिस्सेदारी बढ़ी, लेकिन ग्रोथ रफ्तार में आई गिरावट

वित्त वर्ष 26 में कुल व्यक्तिगत ऋण स्वीकृत मात्रा में इनकी हिस्सेदारी बढ़कर 77 प्रतिशत हो गई जबकि यह वित्त वर्ष 23 में 66 प्रतिशत थी

Published by
अजिंक्या कवाले   
Last Updated- June 02, 2026 | 10:12 PM IST

गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) का डिजिटल व्यक्तिगत ऋण का मूल्य वित्त वर्ष 2025-26 (वित्त वर्ष 26) में 19 प्रतिशत बढ़ा है जबकि इसमें वित्त वर्ष 23 में मात्र 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। यह जानकारी फिनटेक एसोसिएशन फॉर कंज्यूमर एम्पावरमेंट के आंकड़ों में दी गई है।

हालांकि इन कंपनियों ने वित्त वर्ष 2023 में स्वीकृत ऋणों के मूल्य में 85 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी। यह वृद्धि वित्त वर्ष 26 में सुस्त होकर 39 प्रतिशत रह गई और यह वित्त वर्ष 25 में दर्ज 19 प्रतिशत की वृद्धि से काफी अधिक रही। वित्त वर्ष 26 में कुल व्यक्तिगत ऋण स्वीकृत मात्रा में इनकी हिस्सेदारी बढ़कर 77 प्रतिशत हो गई जबकि यह वित्त वर्ष 23 में 66 प्रतिशत थी। हालांकि यह वित्त वर्ष 25 में दर्ज 80 प्रतिशत के उच्चतम स्तर से कम है।

बाजार में डिजिटल एनबीएफसी की हिस्सेदारी बढ़ने के बावजूद ऋण स्वीकृति की मात्रा में वृद्धि लगातार धीमी रही है। यह वित्त वर्ष 23 के 80 प्रतिशत से घटकर वित्त वर्ष 25 में 25 प्रतिशत रही और वित्त वर्ष 26 में मात्र 12 प्रतिशत रह गई।

इन डिजिटल एनबीएफसी ने वित्त वर्ष 2025-26 (वित्त वर्ष 26) के दौरान 13.2 करोड़ ऋण स्वीकृत किए, जबकि अन्य एनबीएफसी ने 2.6 लाख और बैंकों ने 1.4 करोड़ ऋण बांटे। इसी दौरान डिजिटल एनबीएफसी ने 2.14 लाख करोड़ रुपये मूल्य के ऋण वितरित किए जबकि अन्य एनबीएफसी ने 2.36 लाख करोड़ रुपये और बैंकों ने 6.94 लाख करोड़ रुपये मूल्य के ऋण वितरित किए।

छोटे ऋण की आवश्यकता वाले वंचित वर्गों को सेवाएं प्रदान करने से डिजिटल एनबीएफसी का मूल्य और मात्रा में इजाफा हुआ है।

First Published : June 2, 2026 | 10:10 PM IST