वित्त-बीमा

HSBC इंडिया का लाभ बढ़कर 1.9 अरब डॉलर पर पहुंचा, एशिया में दूसरा सबसे बड़ा योगदान

एचएसबीसी भारत में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए अग्रणी बैंक है जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत उसके साथ बैंकिंग करती हैं

Published by
सुब्रत पांडा   
Last Updated- February 25, 2026 | 9:47 PM IST

एचएसबीसी इंडिया का कर पूर्व लाभ कैलेंडर वर्ष 2025 में सालाना आधार पर 10.54 प्रतिशत बढ़कर करीब 1.9 अरब डॉलर हो गया। कैलेंडर वर्ष 24 में यह करीब 1.7 अरब डॉलर था। लंदन के इस बैंक के एशियाई कर पूर्व लाभ में हॉन्गकॉन्ग के बाद भारत का योगदान दूसरे स्थान पर है। हॉन्गकॉन्ग का कर पूर्व लाभ 13 अरब डॉलर था।

एचएसबीसी की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के 1.9 अरब डॉलर के कर-पूर्व लाभ में लगभग 1.5 अरब डॉलर कॉरपोरेट ऐंड इंस्टीट्यूशनल बैंकिंग (सीआईबी) व्यवसाय से, इंटरनेशनल वैल्थ ऐंड प्रीमियर बैंकिंग से 8.8 करोड़ डॉलर और कॉरपोरेट सेंटर से 26.6 करोड़ डॉलर मिले।

रिपोर्ट के अनुसार, ‘भारत में हमने 1.9 अरब डॉलर का कर-पूर्व लाभ दर्ज किया और हम सबसे बड़े विदेशी बैंक बने रहे।’ एचएसबीसी भारत में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए अग्रणी बैंक है जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत उसके साथ बैंकिंग करती हैं।

यूरोप के सबसे बड़े बैंक एचएसबीसी का इस वर्ष के लिए कर पूर्व लाभ 29.91 अरब डॉलर रहा जो विश्लेषकों के अनुमान से अधिक है। इसके बावजूद बैंक का कैलेंडर वर्ष 25 में कर-पूर्व लाभ पिछले वर्ष के 32.3 अरब डॉलर के कर पूर्व लाभ की तुलना में 7.4 प्रतिशत कम रहा।

एचएसबीसी होल्डिंग्स पीएलसी के ग्रुप सीईओ जॉर्जस एल्हेडेरी के अनुसार 2025 निर्णायक कार्रवाई और त्वरित काम करने का वर्ष था। यह बैंक के मजबूत प्रदर्शन में परिलक्षित होता है।

First Published : February 25, 2026 | 9:41 PM IST