अर्थव्यवस्था

विकसित भारत केवल सपना नहीं, बन सकता है हकीकत: NITI CEO Subrahmanyam

नीति आयोग के सीईओ ने कहा कि भारत को 2047 तक 30,000 अरब डॉलर की विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए एक दृष्टिकोण पत्र तैयार किया जा रहा है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 10, 2024 | 6:26 PM IST

नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (NITI CEO Subrahmanyam) बी वी आर सुब्रमण्यम ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत केवल ख्वाब नहीं है बल्कि यह हकीकत बन सकता है। मोटे अनुमान के तौर पर भी भारत 2047 तक 30,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था होगा।

सुब्रमण्यम ने दसवें वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत लंबी छलांग लगाने की स्थिति में है। उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत केवल सपना नहीं है, बल्कि इसे हकीकत में बदला जा सकता है।’’

नीति आयोग के सीईओ ने कहा कि भारत को 2047 तक 30,000 अरब डॉलर की विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए एक दृष्टिकोण पत्र तैयार किया जा रहा है। इसे जनवरी के अंत तक प्रधानमंत्री जारी करेंगे।

सुब्रमण्यम ने कहा, ‘‘मोटे अनुमानों के तौर पर भारत 2047 तक 30,000 डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।’’ उन्होंने कहा कि यदि सभी राज्य विकसित हो जाएं, तो राष्ट्र भी विकसित हो सकता है।

नीति आयोग के सीईओ ने कहा कि भारत में भौतिक और डिजिटल बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर विस्तार हुआ है। भारत अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। यह देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ है।

उल्लेखनीय है कि देश का सकल घरेलू उत्पाद इस समय मोटे तौर पर 3,400 अरब डॉलर का है। इस लिहाज से यह अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी के बाद पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष में 7.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है जो 2022-23 के 7.2 प्रतिशत के आंकड़े से अधिक है।

First Published : January 10, 2024 | 6:26 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)