कंपनियां

Zee-Sony Merger: विलय रद्द होने के एक महीने बाद फिर शुरू हुई बातचीत

ज़ी एंटरटेनमेंट ने सोनी से विलय समझौता रद्द करने के फैसले पर दोबारा विचार करने और इस समझौते पर फिर से बातचीत करने का प्रस्ताव रखा है।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 20, 2024 | 9:56 PM IST

ज़ी एंटरटेनमेंट ने सोनी ग्रुप के साथ 10 अरब डॉलर का विलय समझौता रद्द हो जाने के एक महीने बाद उस समझौते को बहाल करने के लिए सोनी से संपर्क साधा है। उद्योग सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जापानी मीडिया कंपनी सोनी ग्रुप ने ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ज़ेडईईएल) के साथ प्रस्तावित विलय सौदे को जनवरी में रद्द कर दिया था। इसके लिए विलय से जुड़ी शर्तों का पालन न करने को वजह बताया गया था। इसके करीब एक महीने बाद ज़ी एंटरटेनमेंट की तरफ से सोनी से दोबारा संपर्क साधा गया है।

एक सूत्र ने कहा कि ज़ी एंटरटेनमेंट ने सोनी से विलय समझौता रद्द करने के फैसले पर दोबारा विचार करने और इस समझौते पर फिर से बातचीत करने का प्रस्ताव रखा है।

सूत्र के मुताबिक, ज़ी एंटरटेनमेंट की तरफ से आए इस प्रस्ताव पर सोनी ग्रुप भी गौर कर रहा है। इस बारे में टिप्पणी के लिए सोनी पिक्चर नेटवर्क्स इंडिया को भेजे गए ईमेल का तत्काल कोई जवाब नहीं मिला। वहीं ज़ी समूह के एक प्रवक्ता ने कहा कि मामला अदालत के समक्ष विचाराधीन होने से कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती है।

First Published : February 20, 2024 | 9:56 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)