मुश्किल दौर में भी विप्रो ने किया पहले से बेहतर प्रदर्शन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 10:45 PM IST

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी विप्रो ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के अपने नतीजे घोषित किए।


इनके नतीजों के मुताबिक 31 दिसंबर को समाप्त होने वाली तीसरी तिमाही में विप्रो को 1004 करोड़ रुपये शुध्द लाभ हुआ है। यह वित्त वर्ष 2007-08 की तीसरी तिमाही के 854 करोड़ रुपये के मुनाफे से 18 फीसदी ज्यादा है।

हालांकि, कंपनी का यह भी कहना है कि डॉलर के चश्मे से देखने से अतिंम तिमाही में कंपनी की कमाई में गिरावट आ सकती है। पिछले वित्त वर्ष का समान अवधि के मुकाबले इस तिमाही में उसकी कमाई में 25 फीसदी का इजाफा हुआ है।

इस तिमाही में कंपनी को 6.618 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी, जबकि पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी को 5,303 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। पिछली तिमाही की तुलना में तीसरी तिमाही में शुध्द मुनाफे में सिर्फ 2.65 फीसदी का ही इजाफा हुआ है।

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी को 978 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था। साथ ही, पिछली तिमाही की तुलना में कमाई में भी सिर्फ 1.7 फीसदी ही इजाफा हुआ है। ऐसा तब हुआ है, जब तीसरी तिमाही में रुपया, डॉलर के मुकाबले 11 फीसदी कमजोर हो चुका था।

विप्रो के नतीजों पर कंपनी के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी ने कहा, ‘तीसरी तिमाही में कंपनी ने साढ़े तीन फीसदी की बढ़ोतरी कर शानदार प्रदर्शन किया है। हम लगातार बड़े सौदे करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ‘

बायोकॉन को भारी धक्का

देश की सबसे बड़ी निजी जैवप्रौद्योगिकी कंपनी बायोकॉन लिमिटेड का मुनाफा मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 90 फीसदी गिरा है।

पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा जहां 291 करोड़ रुपये रहा था, वहीं 2008-09 की तीसरी तिमाही में महज 28 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ।

कंपनी का कहना है कि विदेशी विनिमय में नुकसान के चलते उसके मुनाफे में कमी हुई है। 31 मार्च को खत्म होने जा रहे वित्त वर्ष के दौरान भी कंपनी को मुनाफे में कमी होने की आशंका है। कंपनी के अनुसार, कंपनी द्वारा बेची गई संपत्ति को छोड़ दें तो भी 47 फीसदी का घाटा कंपनी को उठाना पड़ा है।

मालूम हो कि साल भर पहले बायोकॉन ने अपना एंजाइम कारोबार 11.5 करोड़ डॉलर में बेचा था। हालांकि कंपनी की बिक्री में 84 फीसदी का उछाल आया और यह 436 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।  एक जर्मन कंपनी को बॉयोकॉन ने अधिग्रहित किया था।

जुलाई 2008 में कंपनी ने 173 करोड़ रुपये में एक्सीकॉर्प कंपनी में 171 फीसदी हिस्सेदारी अधिग्रहित की थी। कंपनी की चेयरमैन और प्रबंध निदेशक किरण मजूमदार शॉ ने कहा कि बॉयोकॉन का कामकाज तरक्की पर है।

यूनाइटेड ब्रेवरीज को दोगुना मुनाफा

देश की सबसे बड़ी बियर कंपनी यूनाइटेड ब्रेवरीज का 31 दिसंबर 08 को समाप्त तिमाही में शुध्द लाभ पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के मुकाबले बढ़कर दोगुना हो चुका है। कंपनी को इस तिमाही में 1.48 करोड़ रुपये का शुध्द लाभ हुआ है।

पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को सिर्फ 68 लाख रुपये का शुध्द लाभ हुआ था। विजय माल्या की इस कंपनी ने बंबई स्टाक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि इस तिमाही में कंपनी की कुल आय 24 प्रतिशत बढ़कर 373 करोड़ रुपये हो गई।

पिछले साल की तीसरी तिमाही में कंपनी को कुल मिलाकर 301.38 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। कंपनी का अपने लागतों में कटौती करने और अपने कुछ उत्पादों की कीमतों में इजाफा करने की वजह से उसके परिचालन लाभ में भी 60 फीसदी का इजाफा हुआ है।  

फोर्टिस को घाटा

मालविंदर सिंह और शिविंदर सिंह द्वारा प्रवर्तित फोर्टर्िस हेल्थकेयर को 31 दिसंबर 08 को समाप्त तीसरी तिमाही में 1. 63 करोड़ रुपये का शुध्द घाटा हुआ है। बंबई स्टाक एक्सचेंज को दी जानकारी में कंपनी ने बताया कि एक साल पहले इसी तिमाही में उसे 1. 61 करोड़ रुपये का शुध्द लाभ हुआ था।

आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय 19.27 प्रतिशत बढ़कर 45.93 करोड़ रुपए हो गई। इससे पिछले साल की समान अवधि में आय 38. 51 करोड़ रुपये थी।

श्याम टेलीकॉम को घाटा

श्याम टेलीकॉम का 31 दिसंबर, 2008 को समाप्त तीसरी तिमाही में शुध्द घाटा कम होकर 1.95 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी ने बताया है कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका शुध्द घाटा 2.88 करोड़ रुपये था।

श्याम टेलीकॉम की चालू वित्त वर्ष की तिमाही में कुल आय घटकर 41.59 करोड़ रुपये हो गई जो पूर्व वर्ष की समान अवधि में 64.35 करोड़ रुपये थी। 

यूनाइटेड स्प्रिटिस के मुनाफे में सेंध

यूनाइटेड स्प्रिटिस का 31 दिसंबर को समाप्त तीसरी तिमाही में शुध्द लाभ 65.29 प्रतिशत घटकर 30.59 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने कहा है कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में उसने 88.15 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

कंपनी का कहना है कि चालू वित्त वर्र्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 1,040.24 करोड़ रुपये हो गई जो गत वर्ष की समान अवधि में 896.06 करोड़ रुपये थी। यूनाइटेड स्प्रिटिस विजय माल्या प्रवर्तित कंपनी है।

First Published : January 21, 2009 | 11:23 PM IST