मंदी के प्रकोप से वित्तीय और रियल्टी क्षेत्र के बाद मीडिया जगत भी परेशान होने लगा है।
छंटनी की बीमारी अब मीडिया में भी पांव पसार रही है और उसकी पहली शिकार अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) बनी है। एपी ने अगले साल अपने कर्मचारियों की संख्या में दस फीसदी तक की कटौती की योजना बनाई है।
ज्यादातर कटौती नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के सहारे की जाएगी। यानी नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के बदले कंपनी में नई नियुक्तियां नहीं की जाएंगी। एसोसिएटेड प्रेस के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी टॉम कर्ले ने यह जानकारी दी।
एपी के प्रवक्ता पॉल कॉलफोर्ड ने इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कर्ले ने ‘टाउन हॉल’ बैठक के दौरान कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने की घोषणा की है।
उन्होंने बताया, ‘सभी क्षेत्रों में कारोबार करने के तरीकों की समीक्षा की जा रही है। मंदी के कारण एपी ने हाल ही में नई नियुक्तियों पर रोक लगा दी थी और उसे अगले साल कर्मचारियों की संख्या की जरूरत पड़ रही है।’ एपी में 4,100 कर्मचारी हैं जिसमें 3,000 संपादकीय कर्मचारी हैं।