सूर्या समूह अब बनाएगी सीमेंट भी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 7:01 PM IST

रोशनी और इस्पात क्षेत्र मे अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद सूर्या रोशनी लिमिटेड अब सीमेंट क्षेत्र में भी उतरने जा रही है।
उसने इसके लिए सूर्या ग्लोबल सीमेंट लिमिटेड नाम की एक नई सहायक कंपनी भी बनाई है। सूर्या रोशनी लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक जे. पी. अग्रवाल के अनुसार, ”गुजरात और मध्य प्रदेश में दो नए प्लांट लगाने के लिए इस नई कंपनी ने वहां की राज्य सरकारों के साथ करार किया है। इन दोनों संयंत्रों के निर्माण में सूर्या करीब 1,500 करोड़ रुपये निवेश करेगी।”
यही नहीं सीएफएल (कॉम्पैक्ट फ्लोरोसेंट लाइट) लैंप के 30 फीसदी कारोबार पर कब्जा जमा चुकी कंपनी का कारोबार और बढ़ाने के लिए नई रणनीतियां बनाई जा रही हैं। कंपनी प्रति महीने 30 लाख सीएफएल बेचने का लक्ष्य रखते हुए 500 करोड़ रुपये निवेश करने जा रही है।
चंडीगढ़ में ऊर्जा संरक्षण के देशव्यापी जागरुकता अभियान की शुरुआत करते हुए अग्रवाल ने कहा कि उनकी कंपनी इस मिशन के प्रति पूर्ण समर्पित है। कंपनी देश के 1 लाख से अधिक रिटेलरों को शिक्षित करेगी और बताएगी कि किस तरह ऊर्जा को बचाया जाए। अग्रवाल के मुताबिक, ऊर्जा किफायती लैंपों का इस्तेमाल कर 80 फीसदी बिजली और बिजली बिल बचाया जा सकता है। 
हाई मास्ट लाइट और स्ट्रीट लाइटों के उत्पादन में भी सूर्या रोशनी लिमिटेड हाथ आजमाने जा रही है। कंपनी अगले तीन साल में इसके कारोबार से 500 करोड़ रुपये अतिरिक्त जुटाने का लक्ष्य रखा है। समूह की इस्पात कंपनी सूर्या ग्लोबल स्टील टयूब्स (एसजीएसटी) के बारे में अग्रवाल ने कहा कि वह 250 करोड़ रुपये के लागत से गुजरात में नया प्लांट लगाएगी।
इसके जरिए तेल और गैस कंपनियों की जरूरतें पूरी की जाएंगी। मालूम हो कि इस कंपनी का बहादुरगढ़, हरियाणा में भी प्लांट है। गुजरात में नए प्लांट शुरू होने के बाद उम्मीद है कि एसजीएसटी का कारोबार दोगुना होकर 2,000 करोड़ रुपये हो जाएगा।

First Published : March 5, 2009 | 3:19 PM IST