कोलकाता के आरपीजी समूज की खुदरा कारोबार कंपनी स्पेंसर्स रिटेल लिमिटेड ने 2009-10 तक पूरे देश में 100 आउटलेट खोलने की योजना बनाई है।
कंपनी इसके लिए 600 से 800 करोड़ रुपये निवेश करेगी। कंपनी के मुताबिक, ये प्रस्तावित आउटलेट हाइपर (बड़े) और कन्वीनिएंस (छोटे) दोनों के मिली-जुली विशेषताओं वाले होंगे।
कोलकाता में स्पेंसर्स के पहले स्टोर के उद्धाटन के मौके पर स्पेंसर्स रिटेल लिमिटेड, पूर्वी क्षेत्र के उपाध्यक्ष मोहित कम्पानी ने बताया, ‘हमलोग 2009-10 तक देश में 100 खुदरा आउटलेट खोलने जा रहे हैं। कंपनी इसके लिए 600 से 800 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इन आउटलेटों के आकार और प्रारूप स्थानों के हिसाब से तय किए जाएंगे।’
फिलहाल देश भर के 66 शहरों में स्पेंसर्स के 340 स्टोर हैं। कंपनी का कुल खुदरा कारोबार क्षेत्र 20 लाख वर्ग फीट का है। 2009-10 तक प्रस्तावित विस्तार योजना के पूरा हो जाने पर कंपनी के कारोबारी क्षेत्र में करीब 30 फीसदी की वृद्धि हो जाने का अनुमान है।
कंपनी ने बताया कि इस साल मार्च तक उसके स्टोरों की संख्या बढ़ाकर 350 कर दिया जाएगा। पूर्वी भारत में आसनसोल, सिलीगुड़ी, धनबाद और कटक जैसे शहरों में कंपनी आउटलेट खोलने जा रही है।
फिलहाल, इस इलाके में 28 शहरों में कंपनी की उपस्थिति है। इनमें से 22 पश्चिम बंगाल, 5 झारखंड और 1 उड़ीसा में है। इनमें से 5 हाइपर स्टोर हैं।