शोध एवं सलाहकार फर्म गार्टनर की ओर से जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2008 की तीसरी तिमाही के लिए वैश्विक रूप से सर्वर की शिपमेंट यानी खेपों में पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 4.4 फीसद का इजाफा हुआ।
वहीं इसी तिमाही के लिए वैश्विक रूप से सर्वर राजस्व में 5.4 फीसदी की गिरावट भी दर्ज की गई है। वैश्विक रूप से इस तिमाही के लिए सर्वर राजस्व लगभग 63,500 करोड़ रुपये रहा और सर्वर की शिपमेंट 23 लाख यूनिट हो गई।
गार्टनर के उपाध्यक्ष (शोध) जेफरी हेविट ने कहा, ‘सर्वर शिपमेंट में तीसरी तिमाही में इजाफा हुआ, लेकिन लड़खड़ाई अर्थव्यवस्थाओं और ऋण में सख्ती का असर राजस्व पर महसूस किया गया।
इस अवधि में एक्स86 सर्वर कुछ शिपमेंट गतिविधियों को बरकरार रखने में सफल रहा, लेकिन औसतन रूप से एक्स 86 सर्वर की कम बिक्री कीमत से इस तिमाही में राजस्व में कमी आई।’
शीर्ष पांच विक्रेताओं ने 2008 की तीसरी तिमाही में राजस्व में कमी दर्ज की है। सिस्टम पी और सिस्टम जेड ब्रांडों दोनों की जबरदस्त बिक्री से आईबीएम के राजस्व में 0.5 फीसद की बढ़त हुई।
सर्वर शिपमेंट में एचपी ने 2007 की तीसरी तिमाही के मुकाबले 11.4 फीसद की बढ़त हासिल की। डेल और सन दोनों ने इस तिमाही के लिए क्रमश: 3.3 फीसद और 2.9 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की।
इस तिमाही में आईबीएम की सर्वर शिपमेंट में 3.5 फीसद और फुजित्सु फुजित्सु सीमेंस की सर्वर शिपमेंट में 3.8 फीसद की गिरावट आई।