विश्व बैंक पर बिफर पड़ी सत्यम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 08, 2022 | 11:07 AM IST

विवादों का सबब बनी सॉफ्टवेयर कंपनी सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज ने विश्व बैंक को गलत बयान देने के लिए आड़े हाथों लिया है और माफी मांगने को कहा है।


कंपनी ने बैंक पर बिफरते हुए कहा कि उसके प्रतिनिधियों ने कंपनी के बारे में ‘अनुचित बयान’ दिए हैं।देश की चौथीा सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा कंपनी सत्यम ने आज जारी बयान में कहा कि विश्व बैंक से कहा गया है कि वह फौरन उन बयानों को वापस ले, जो कंपनी की साख को धक्का पहुंचा चुके हैं।

कंपनी ने यह मांग भी की है कि बैंक को उन हालात के बारे में पूरी सफाई भी देनी चाहिए, जिनमें उसकी ओर से इस तरह के अनुचित बयान दिए गए।

सत्यम ने कहा कि वह बैंक की ओर से सार्वजनिक तौर पर दिए गए अनुचित बयान और उस बारे में कंपनी की ओर से किए गए अनुरोध पर उसके जवाब का इंतजार करेगी और उसके बाद मौजूद सभी विकल्पों पर भी विचार करेगी।

सत्यम आम तौर पर अपने ग्राहकों और उनके साथ संबंधों से जुड़े मामलों पर सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी नहीं करती है।

लेकिन कंपनी ने कहा, ‘सत्यम के बारे में विश्व बैंक के सार्वजनिक बयानों में मौजूद झूठ और तथ्यहीनता ने हमें यह बयान देने पर मजबूर किया है। हम यह बयान दे रहे हैं, ताकि बात साफ हो जाए।’

विश्व बैंक ने सत्यम को आठ साल के लिए अपने साथ किसी भी तरह का कारोबार करने से रोक दिया था। यह किसी भारतीय आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ ग्राहक की सबसे सख्त कार्रर्वाई है।

First Published : December 25, 2008 | 11:21 PM IST