सत्यम को मिली नई मूर्ति

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 12:11 AM IST

दिक्कतों में घिरी सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज को आखिरकार मुख्य कार्य अधिकारी (सीईओ)मिल ही गया।
दो दिनों तक चली सत्यम बोर्ड की बैठक में ए एस मूर्ति को नया सीईओ चुन लिया गया। मूर्ति कंपनी के ग्लोबल बिजनेस हेड के तौर पर काम कर रहे थे और 15 सालों से कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं।
उनके अलावा टाटा केमिकल्स के पूर्व प्रबंध निदेशक होमी खुसरोखान और मुरुगप्पा समूह के पूर्व निदेशक (वित्त) पार्थो एस. दत्ता को विशेष सलाहकार नियुक्त किया गया है।
बोर्ड के सदस्य अच्युतन ने इनके नामों की घोषणा करते हुए कहा कि वे कंपनी के प्रबंधन और वित्त विभाग के कार्यों में सहयोग करेंगे। बोर्ड में इस बात का भी निर्णय किया गया कि विशेष सलाहकारों के साथ बोस्टन कंस्ल्टिंग समूह भी नए सीईओ और कंपनी बोर्ड के फै सलों को अमल में लाने के लिए सहयोग करेंगे।
बोर्ड ने बताया कि सत्यम को बैंकों से 600 करोड़ रुपये के कर्ज की मंजूरी मिल गई है। इस रकम का उपयोग कंपनी की कार्यशील पूंजी के तौर पर किया जाएगा। बोर्ड ने कहा कि कंपनी के कर्मचारियों को जनवरी माह का पूरा वेतन और फरवरी माह के 15 दिनों का वेतन आंतरिक संसाधनों से दिया जाएगा।
बोर्ड सदस्य दीपक पारेख ने कहा कि सत्यम को संकट से उबारने के लिए कंपनी के अंदर के ही किसी शख्स की जरूरत थी और मूर्ति का चयन बेहतरीन फैसला है। वह कंपनी के पुराने अधिकारी हैं और उन्हें कर्मचारियों का भरोसा हासिल है, इसलिए उनके नेतृत्व में कंपनी को संकट से निकाल लिया जाएगा।
मूर्ति ने कहा कि बोर्ड के फैसले से वे खुश हैं और उन्हें संकट की घड़ी में अच्छा अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी को पटरी पर लाने के लिए अभी बहुत काम करने हैं, लेकिन वह योजनाबद्ध तरीके से काम करेंगे और कंपनी को सही राह पर ले आएंगे।
नए सलाहकार पार्थो दत्ता ने कहा कि कंपनी की प्राथमिकता तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा करनी है। इसके अलावा वित्तीय जरूरतों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
तूफान में घिरे जहाज का नया कप्तान
ए एस मूर्ति बने कंपनी के नए सीईओ
होमी खुसरोखान और पार्थो एस दत्ता विशेष सलाहकार नियुक्त
कार्यशील पूंजी के लिए बैंकों से 600 करोड़ रुपये का कर्ज मंजूर
ग्राहक इन्फोसिस के पास
आईटी कंपनी इन्फोसिस ने कहा कि सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज के कुछ ग्राहकों ने उनसे संपर्क किया है। इन्फोसिस के निदेशक (मानव संसाधन) टी.वी. मोहनदास पई ने कहा  ग्राहक किसी भी वेंडर के पास जा सकता है, लेकिन वह खुद सत्यम के ग्राहकों से नहीं मिल रहे।
अमेरिकी दबाव
अमेरिकी बाजार नियामक के अधिकारियों ने सत्यम कंप्यूर सर्विसेज के संबंध में सेबी अधिकारियों से मुलाकात की। समझा जाता है कि सिक्योरिटीज ऐंड एक्सचेंज कमीशन (सेक) के अधिकारियों ने सेबी से इस बड़े घोटाले की जांच की प्रगति की जानकारी ली।
और गिरफ्तारियां
आंध्र प्रदेश पुलिस ने संकेत दिए कि सत्यम घोटाले के संबंध में और गिरफ्तारियां कर सकती है। सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब्त दस्तावेजों की जांच हो रही है और जब्त किए गए हार्ड डस्क एवं लैपटाप से आंकड़े निकालने की कोशिश की जा रही है।
सत्यम गाथा
05 फरवरी : सत्यम के नई सीईओ, सलाहकार तय
04 फरवरी : नए सत्यम बोर्ड की मैराथन बैठक शुरू
04 फरवरी : सेबी ने की राजू से पूछताछ शुरू
03 फरवरी : सेबी को राजू से पूछताछ की मिली अनुमति
28 जनवरी : राजू बंधुओं को नहीं मिली जमानत
19 जनवरी : मायटास भी जांच के घेरे में
18 जनवरी : राजू पुलिस हिरासत में भेजे गए
15 जनवरी : सत्यम को राहत देने से सरकार की ‘ना’
14 जनवरी : जांच मिली गंभीर धोखाधड़ी विभाग को
14 जनवरी : सत्यम खातों की जांच नए ऑडिटरों को
10 जनवरी : राजू पहुंचे जेल, अधिकारी गिरफ्तार
09 जनवरी : राजू हिरासत में, नया बोर्ड बनाने का फैसला
07 जनवरी : राजू ने कबूली 7000 करोड़ रुपये की धांधली
17 दिसंबर : रामलिंग राजू हटे सौदे से पीछे
16 दिसंबर : मायटास प्रॉपर्टीज,  मायटास इन्फ्रा खरीदने का हुआ फैसला

First Published : February 6, 2009 | 2:09 PM IST