राजू को याद आए कर्मी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 4:04 PM IST

मायटास अधिग्रहण मामले में निवेशकों और बोर्ड के सदस्यों की आलोचना झेल रहे सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज के अध्यक्ष रामलिंग राजू ने मंगलवार को यह कहते हुए कर्मचारियों से समर्थन मांगा कि कंपनी को पटरी पर लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।


साथ ही, उन्होंने कहा कि ग्राहकों का भरोसा अब भी कंपनी की सेवाओं में बना हुआ है। कंपनी के कर्मचारियों को भेजे एक पत्र में राजू ने कहा कि मायटास इन्फ्रा और मायटास प्रॉपर्टी को खरीदने के मसले पर बोर्ड सदस्यों के बीच चर्चा हुई थी और आमराय से इस पर फैसला लिया गया था।

लेकिन निवेशकों के कड़े रुख के चलते कंपनी को अपना फैसला बदलना पड़ा। राजू ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि कंपनी आईटी और बीपीओ सेवाओं से पीछे नहीं हटेगी और इस क्षेत्र में आगे भी विस्तार की योजना बनाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि 10 जनवरी को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में निदेशकों की संख्या और बोर्ड पुनर्गठन पर विचार किया जाएगा।

राजू ने कहा कि सत्यम 200 करोड़ डॉलर की कंपनी है और दुनिया भर में इसके 690 ग्राहक हैं, जिनमें जीई, डूपॉन्ट, यूनिलीवर जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। ऐसे में कंपनी अपने ग्राहकों और निवेशकों के हितों का पूरा ख्याल रखेगी।

इस बीच, आईटी कंपनी सत्यम कंप्यूटर में चार निदेशकों द्वारा इस्तीफा देने के बाद और निदेशकों के इस्तीफे की अटकलों को विराम देते हुए कंपनी के एक स्वतंत्र निदेशक ने कहा कि इस समय बोर्ड से इस्तीफा देने का मतलब है संकट के समय जहाज से कूद जाना।

कंपनी के दो स्वतंत्र निदेशकों-टी.आर. प्रसाद और वी. एस. राजू ने कहा कि वे अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे। उल्लेखनीय है कि मायटास सौदे के बाद हो रही किरकिरी की वजह से कंपनी के चार स्वतंत्र निदेशक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में कयास लगाया जा रहा था कि शेष दो स्वतंत्र निदेशक भी कंपनी से इस्तीफा दे देंगे।

प्रसाद ने कहा कि सत्यम आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी है, जिसमें 50,000 से ज्यादा प्रतिभावान पेशेवर कार्यरत हैं। वर्तमान में कंपनी के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती सभी हिस्सेदारों का विश्वास बहाल करने की है और कंपनी इस दिशा में कार्य कर रही है।

दुख में सुमिरन सब करें…

संकट से निबटने में राजू ने कर्मचारियों से मांगा समर्थन

सत्यम कंप्यूटर्स के स्वतंत्र निदेशक टी. आर. प्रसाद ने इस्तीफा देने से किया इनकार

आईटी और बीपीओ सेवा कंपनी की प्राथमिकता

First Published : December 30, 2008 | 11:51 PM IST